Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में ‘मनौतियों के राजा’ का भव्य गणेश महोत्सव शुरू, भजनों और...

लखनऊ में ‘मनौतियों के राजा’ का भव्य गणेश महोत्सव शुरू, भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा झूलेलाल वाटिका

लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में गोमती नदी के तट पर स्थित झूलेलाल वाटिका सोमवार को गणपति बप्पा की भक्ति और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुलजार हो उठी। हनुमान सेतु के पास आयोजित श्री गणेश महोत्सव का शुभारंभ विधि-विधान से गणपति प्रतिमा की स्थापना और वंदना के साथ हुआ। शुरुआत से ही पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में नजर आया।

आदर्श राजपूत के भजनों पर झूमे श्रद्धालु

महोत्सव में कोलकाता के प्रसिद्ध गायक आदर्श राजपूत ने गणपति के भजनों की प्रस्तुति दी। ‘आओ आओ पधारो गणराज जी’, ‘गणपति को प्रथम मनाना है’, ‘देवा देवा गणपति देवा तुमसे बढ़कर कौन’ और ‘मेरे सिर पे सदा तेरा हाथ रहे’ जैसे भजनों पर श्रद्धालुओं ने तालियां बजाईं और गणपति बप्पा के जयकारे लगाए।

इसके बाद विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में तिरुपति बालाजी, भगवान श्रीकृष्ण, मां दुर्गा और मां काली की झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

गणेश जन्म और रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग की नृत्य नाटिका

महोत्सव में भगवान गणेश के मस्तक पर हाथी का सिर लगाए जाने की पौराणिक कथा पर आधारित नृत्य नाटिका भी प्रस्तुत की गई। कलाकारों ने भावपूर्ण प्रस्तुति के जरिए गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश के जन्मोत्सव की कथा को दर्शाया।

वहीं, दूसरी नृत्य नाटिका रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग की स्थापना पर आधारित रही। इसमें रावण वध के बाद भगवान श्रीराम की ओर से ब्रह्महत्या के पाप से मुक्ति के लिए शिवलिंग की स्थापना की कथा का मंचन किया गया।

सुबह 9 से रात 11 बजे तक होंगे दर्शन

शाम को कोलकाता के संजय शर्मा के संचालन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। श्री गणेश प्राकट्य कमेटी के संरक्षक भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि मंगलवार रात आठ बजे गजरे का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

श्रद्धालु प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक ‘मनौतियों के राजा’ के दर्शन कर सकेंगे। बप्पा की आरती सुबह 9 बजे और शाम 6 बजे होगी।

मेले का रूप दिया गया महोत्सव परिसर

महोत्सव परिसर को इस बार मेले का रूप दिया गया है। बच्चों के लिए विभिन्न झूले लगाए गए हैं। फास्ट फूड, आइसक्रीम और चाट के स्टॉल के साथ महिलाओं के लिए मीना बाजार में श्रृंगार सामग्री के स्टॉल भी लगाए गए हैं।

पूजन के दौरान कमेटी अध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, पार्षद रंजीत सिंह, जय करन सिंह, रामशंकर वर्मा, अखिलेश बंसल, संजय सिंह गांधी, गोपाल अग्रवाल, सुधांशु बाथम, अजय अग्रवाल, योगेश बंसल, शरद अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, देशराज अग्रवाल और संजय अग्रवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular