Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में गणपति बप्पा के स्वागत की भव्य तैयारी, कहीं न्यू जर्सी...

लखनऊ में गणपति बप्पा के स्वागत की भव्य तैयारी, कहीं न्यू जर्सी मंदिर तो कहीं प्रेम मंदिर की दिखेगी झलक

लखनऊ। गणपति बप्पा के स्वागत के लिए राजधानी लखनऊ में इस बार भव्य पंडाल तैयार किए गए हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में पंडालों को आकर्षक थीम पर सजाया गया है। गोमती तट के झूलेलाल घाट पर अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित स्वामीनारायण मंदिर की थीम पर 80 फीट ऊंचा पंडाल तैयार किया जा रहा है। वहीं पत्रकारपुरम में प्रेम मंदिर की भव्यता देखने को मिलेगी, जबकि निशातगंज में AI की मदद से तैयार किया गया कलश के आकार का पंडाल भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

गोमती तट स्थित झूलेलाल घाट पर करीब 13 हजार वर्गफीट क्षेत्र में न्यू जर्सी के स्वामीनारायण मंदिर की थीम पर पंडाल बनाया गया है। करीब 80 फीट ऊंचे इस पंडाल के निर्माण में लगभग एक लाख बांस और बल्लियों का इस्तेमाल किया गया है। पंडाल की भव्यता को अंतिम रूप देने का काम तेजी से चल रहा है।

पंडाल के निर्माण पर करीब 50 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। कोलकाता से आए करीब 60 कारीगर पिछले एक महीने से इसे तैयार करने में जुटे हैं। फिलहाल पंडाल के शिखर को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

श्री गणेश प्राकट्य कमेटी के उपाध्यक्ष और पार्षद रणजीत सिंह ने बताया कि पंडाल को पूरी तरह वाटरप्रूफ और एसी बनाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिलाओं और पुरुषों के बैठने के लिए अलग-अलग व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि पूरे गणेश उत्सव के आयोजन पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

राजधानी में गणेश उत्सव 14 से 25 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में पूजा-अर्चना के साथ भव्य पंडाल श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular