रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा
कानपुर। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय महासचिव पंकज अरोड़ा के कानपुर आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मछरिया स्थित गैलेक्सी टावर में आनंद सिंह के कार्यालय पर स्वागत सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में आनंद सिंह ने राष्ट्रीय महासचिव पंकज अरोड़ा का बुके देकर और माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया। आनंद सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय महासचिव का कानपुर आगमन पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और उत्साह का विषय है। उन्होंने कहा कि पंकज अरोड़ा के नेतृत्व और मार्गदर्शन में संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ता लगातार सक्रिय हैं।
आनंद सिंह ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का प्रयास है कि लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास की नीतियों और संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाया जाए। इसके लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर काम कर रहे हैं।
संगठन विस्तार और सक्रिय भागीदारी पर हुई चर्चा
स्वागत सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय महासचिव पंकज अरोड़ा ने पार्टी संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जमीनी स्तर पर संगठन के विस्तार को लेकर पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने स्थानीय संगठन की गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर भी बातचीत की।
पंकज अरोड़ा ने आनंद सिंह और पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए स्वागत के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि कानपुर की टीम जिस निष्ठा और मेहनत के साथ संगठन के लिए काम कर रही है, वह सराहनीय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसी तरह एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और सक्रियता के साथ काम करने की अपील की।
दो नए पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
सम्मेलन के दौरान जिला संगठन में दो नए पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी गई। अकबर शोएब को महानगर अध्यक्ष और गौरव सिंह को आर्य नगर विधानसभा अध्यक्ष का दायित्व दिया गया।
दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का कार्यक्रम में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए पूरी सक्रियता से कार्य करने की बात कही।
कार्यक्रम में
युवा जिलाध्यक्ष अमित दुबे, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष साधना सिंह, काजल शर्मा, सनी तिवारी, विनायक सिंह, सर्वेश वर्मा, समरजीत सिंह, कमल कांत भाटिया, आशीष गुप्ता, रोहित वर्मा, हिमांशु त्रिवेदी और सुशील राजपूत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
