रिपोर्ट – दीपक अवस्थी
अजीतमल (औरैया)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में औरैया जिले के अजीतमल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में गुरुवार शाम 7 बजे दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सीएचसी अधीक्षक अशोक राय की अध्यक्षता में संपन्न होगा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत सीएचसी अजीतमल परिसर में 101 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में 51 दीप और आयुष्मान आरोग्य मंदिर (AAM) में 21 दीप जलाए जाएंगे। अभियान के तहत क्षेत्र में कार्यरत समस्त आशा कार्यकर्ताओं की भी सहभागिता सुनिश्चित की गई है। सभी आशा कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर पांच-पांच दीप प्रज्वलित कर अभियान में सहभागिता करेंगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और आशा कार्यकर्ताओं को अभियान से जोड़कर सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा।
सीएचसी अधीक्षक अशोक राय ने बताया कि निर्धारित समय शाम 7 बजे दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता की जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य लोग मौजूद रहेंगे। अभियान के माध्यम से सेवा और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया जाएगा।
