Homeउत्तर प्रदेशपीएम मोदी के नेतृत्व में सुरक्षित भारत दुनिया से आंख मिलाकर बात...

पीएम मोदी के नेतृत्व में सुरक्षित भारत दुनिया से आंख मिलाकर बात करता है: सीएम योगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी के रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष’ का अवलोकन किया गया और देश में आए बदलावों पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से वडनगर तक जाने वाली ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 250 बाइकों पर 500 युवा इस यात्रा में शामिल हैं। यात्रा के शुभारंभ पर युवाओं पर पुष्पवर्षा की गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए बाबा विश्वनाथ, मां गंगा और मां अन्नपूर्णा से उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सुरक्षित भारत अब दुनिया से आंख से आंख मिलाकर बात करता है।

7 अक्टूबर को पूरे होंगे सेवा संकल्प के 25 वर्ष

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प के 25 वर्ष 7 अक्टूबर 2026 को पूरे होने जा रहे हैं। 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उन्होंने कहा कि बिना रुके, झुके और डिगे ‘चरैवेति-चरैवेति’ के मंत्र के साथ यह यात्रा आगे बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि वाराणसी से वडनगर तक की यह बाइक यात्रा 7 अक्टूबर तक चलेगी। यूपी की 10 पावन नदियों का जल लेकर 10 यात्राएं अलग-अलग मार्गों से वडनगर पहुंचेंगी। वहां यह जल भगवान हाटकेश्वर को अर्पित किया जाएगा, जबकि गुजरात की नदियों का जल बाबा विश्वनाथ को समर्पित किया जाएगा।

20 दिन में 100 किलोमीटर प्रतिदिन तय करेंगे युवा

मुख्यमंत्री ने यात्रा में शामिल युवाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि 20 दिन की इस यात्रा में युवा प्रतिदिन करीब 100 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। यात्रा के दौरान अलग-अलग राज्यों में संवाद और सेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

गांव, गरीब, महिला और युवाओं में बदलाव का दावा

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सेवा संकल्प की यात्रा गांव, गरीब, महिला और युवाओं के जीवन में आए बदलाव की कहानी भी बताती है। उन्होंने आवास, शौचालय, उज्ज्वला, बिजली, इंटरनेट, बैंकिंग और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।

उन्होंने स्टार्टअप, स्टैंड-अप इंडिया और डिजिटल इंडिया के जरिए युवाओं के लिए बने अवसरों की भी चर्चा की। साथ ही कहा कि कारीगरों और हस्तशिल्पियों के पारंपरिक उद्यमों को आधुनिक तकनीक और नए बाजार से जोड़ने का प्रयास हुआ है।

हाईटेक क्षेत्रों में बढ़ी भारत की भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सेमीकंडक्टर, क्वांटम कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सड़क, रेल, एयर कनेक्टिविटी और मेट्रो जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि नया भारत अपनी विरासत और विकास के बीच समन्वय स्थापित कर रहा है। काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या, विंध्यवासिनी धाम कॉरिडोर, प्रयागराज महाकुंभ, बद्रीनाथ, केदारपुरी और महाकाल लोक का उदाहरण देते हुए उन्होंने इसे भारत की बदलती तस्वीर का हिस्सा बताया।

कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, यात्रा संयोजक विष्णुदत्त शर्मा समेत केंद्र व प्रदेश सरकार के मंत्री, भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular