Homeमनोरंजनरणबीर कपूर के समर्थन में उतरे रवि दुबे, बोले- ‘रामायण’ का हिस्सा...

रणबीर कपूर के समर्थन में उतरे रवि दुबे, बोले- ‘रामायण’ का हिस्सा बनना आशीर्वाद

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच लगातार चर्चा बनी हुई है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की पहली झलक सामने आने के बाद रणबीर कपूर की कास्टिंग को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने उनकी कास्टिंग पर सवाल उठाए, तो कई प्रशंसकों ने उनके लुक और फिल्म की भव्यता की तारीफ की।

इसी बीच फिल्म में लक्ष्मण का किरदार निभा रहे अभिनेता रवि दुबे ने अपने को-स्टार रणबीर कपूर का समर्थन किया है। ‘वैरायटी इंडिया’ को दिए इंटरव्यू में रवि दुबे ने रणबीर के साथ काम करने के अनुभव और उनके प्रोफेशनल रवैये की जमकर तारीफ की।

रणबीर के काम करने के तरीके से प्रभावित हुए रवि

रवि दुबे ने रणबीर कपूर को इंडस्ट्री के बेहतरीन कलाकारों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि रणबीर बड़े सुपरस्टार होने के बावजूद सेट पर अपनी स्टारडम को काम के बीच नहीं आने देते। रवि के मुताबिक, रणबीर की ईमानदारी, अनुशासन और अपने किरदार की तैयारी ने उन्हें काफी प्रभावित किया।

रवि ने बताया कि उन्होंने रणबीर के काम करने के तरीके के बारे में पहले भी काफी कुछ सुना था, लेकिन ‘रामायण’ के सेट पर उनके साथ करीब से काम करने के बाद उन्हें इन बातों को खुद देखने का मौका मिला। उन्होंने रणबीर को सहज और गर्मजोशी से पेश आने वाला कलाकार बताया।

‘रामायण’ का हिस्सा बनना उपलब्धि से ज्यादा आशीर्वाद

रवि दुबे ने फिल्म का हिस्सा बनने को अपने करियर की उपलब्धि से कहीं अधिक एक आशीर्वाद बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट से जुड़े सभी लोगों का मुख्य उद्देश्य भगवान श्रीराम की गाथा को पर्दे पर भव्य और सही तरीके से प्रस्तुत करना है।

उन्होंने रणबीर कपूर के साथ-साथ फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी, निर्माता नमित मल्होत्रा, यश, साई पल्लवी और पूरी टीम के साथ काम करने को लेकर भी खुशी जाहिर की।

ये कलाकार निभा रहे हैं प्रमुख किरदार

नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में अरुण गोविल, अनुपम खेर, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, इंदिरा कृष्णन और लारा दत्ता समेत कई कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।

दो हिस्सों में रिलीज होगी ‘रामायण’

फिल्म को दो भागों में रिलीज किए जाने की योजना है। इसका पहला भाग दिवाली 2026 के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा भाग 2027 में आएगा। बड़े बजट और भव्य विजुअल्स के कारण फिल्म पहले से ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular