रिपोर्ट : न्यूज डेस्क, लखनऊ
लखनऊ। गणेश चतुर्थी के मौके पर राजधानी लखनऊ में जगह-जगह गणपति उत्सव की धूम है। शहर के चौक इलाके में आयोजित गणेश उत्सव में बॉलीवुड अभिनेत्री भाग्यश्री भी शामिल हुईं। मुंबई से लखनऊ पहुंचीं अभिनेत्री ने गणपति बप्पा का पूजन किया और अपने हाथों से आरती उतारी। कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश मराठी समाज की ओर से किया गया।
गणेश उत्सव में मराठी समाज के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए। भाग्यश्री के कार्यक्रम में पहुंचने की जानकारी मिलते ही उन्हें देखने और उनसे मिलने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। अभिनेत्री ने करीब एक घंटे तक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान फैंस ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और सेल्फी भी ली।

गणपति की आरती कर बोलीं- लखनऊ आना अच्छा अनुभव
भाग्यश्री ने गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना करने के बाद आरती की। मंच से लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने लखनऊ की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि लखनऊ बहुत सुकून और मोहब्बत वाला शहर है। यहां के लोगों के व्यवहार और शहर की संस्कृति में अपनापन महसूस होता है।
अभिनेत्री ने लखनऊ के खान-पान की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि शहर में खाने की इतनी वैरायटी है कि रोज अलग-अलग तरह के पकवान खाए जा सकते हैं। उन्होंने खास तौर पर लखनऊ की चाट को पसंदीदा बताया।
‘लखनऊ की धरती पर गणेशजी की आरती करके धन्य हो गई’
भाग्यश्री ने कहा कि वह जब भी लखनऊ आती हैं, यहां के लजीज खाने का आनंद लेती हैं। उन्होंने बताया कि अलग-अलग तरह के पकवान उनके लिए आते हैं और यह उनके लिए हमेशा अच्छा अनुभव रहता है।
उन्होंने गणेश उत्सव को लेकर कहा कि उत्तर प्रदेश में गणेश उत्सव को बढ़ावा मिलने से बड़े स्तर पर आयोजन हो रहे हैं। शहर में जगह-जगह बड़े पंडाल सज रहे हैं और लोग उत्सव के बहाने एक-दूसरे से जुड़ रहे हैं।
अभिनेत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन परिवारों के साथ-साथ अलग-अलग संस्कृतियों को भी करीब लाते हैं। उन्होंने लखनऊ में बड़ी संख्या में मराठी समाज के लोगों की मौजूदगी पर भी खुशी जताई।
भाग्यश्री ने कहा, “आरती के लिए यहां बुलाया गया, यह मेरे लिए बहुत अच्छा अनुभव रहा। मुंबई में भी कई बार आरती की है, लेकिन आज पूरी आरती अपने हाथों से करना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही। लखनऊ की धरती पर गणेशजी की आरती करके मैं धन्य हो गई।”
उन्होंने कहा कि लोगों का प्यार और अपनी संस्कृति से जुड़ाव इसी तरह बना रहना चाहिए।
41 साल से आयोजित हो रहा गणेश उत्सव
उत्तर प्रदेश मराठी समाज के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुमार पाटिल ने बताया कि लखनऊ में यह गणेश उत्सव लगातार 41 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। इसकी शुरुआत चौक चौराहे से हुई थी। समय के साथ आयोजन का विस्तार हुआ और अब इसे बड़े लॉन में आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पहले तत्कालीन राज्यपाल राम नाईक भी हर साल इस कार्यक्रम में शामिल होते थे। पिछले साल अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे भी गणेश उत्सव में पहुंची थीं।
गणेश उत्सव से जुड़ रही हैं दो संस्कृतियां
उमेश पाटिल ने कहा कि गणेश उत्सव के जरिए महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के लोगों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव मजबूत हो रहा है। आयोजन में मराठी समाज की परंपराओं और संस्कृति को स्थानीय लोगों के साथ साझा किया जाता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से दोनों राज्यों की संस्कृतियों का आदान-प्रदान होता है और नई पीढ़ी भी अपनी परंपराओं से जुड़ती है। मराठी समाज की संस्कृति और परंपराओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
