रिपोर्ट – अमित शुक्ला
औरैया। अछल्दा विकासखंड के हरचंदपुर ग्राम पंचायत औतों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से 9वें पोषण माह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख डॉ. शरद राना, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र त्रिपाठी और प्रभारी खंड विकास अधिकारी राजबहादुर ने भारत माता एवं सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुमन चतुर्वेदी ने पोषण माह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस वर्ष की थीम “हमारी आंगनवाड़ी हमारी जिम्मेदारी” है। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों पर होने वाली मासिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर माह गोदभराई, अन्नप्राशन, सुपोषण दिवस और हैंडवॉश डे जैसी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। माह के पहले मंगलवार को वजन दिवस, दूसरे मंगलवार को गतिविधि, तीसरे मंगलवार को अभिभावक बैठक और चौथे मंगलवार को गतिविधि आयोजित होती है।
उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और छह माह तक के बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य पर ध्यान देने के साथ ही बाल वाटिका के तहत 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा पर भी काम करती हैं।

उत्कृष्ट सहभागिता के लिए लाभार्थी सम्मानित
कार्यक्रम में उत्कृष्ट सहभागिता के लिए लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। गर्भवती महिला गायत्री, धात्री माता शिवानी, अपनी जुड़वा बेटियों का दो वर्ष तक संपूर्ण टीकाकरण कराने वाली माता पूजा और प्रतिदिन अपने 3 से 6 वर्ष के बच्चे को आंगनवाड़ी केंद्र भेजने वाली माता शमशीदा को अतिथियों ने वाटर कैंपर देकर सम्मानित किया।
इसके अलावा गर्भवती महिला की गोदभराई के दौरान पोषण डलिया भेंट की गई। छह माह की आयु पूरी कर चुके बच्चे का खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। औतों आंगनवाड़ी केंद्र प्रथम की सहायिका माधुरी को उत्कृष्ट कार्य के लिए बेस्ट सहायिका के रूप में प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

पोषाहार से तैयार व्यंजनों की प्रदर्शनी
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषाहार से तैयार विभिन्न व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई। लाभार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और पोषण संबंधी जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने लोगों से पोषण, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रभारी बाल विकास पुष्टाहार अधिकारी मीरा कुमारी, मुख्य सेविका संयोगिता, कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाध्यापक लोकेश शुक्ला, श्रीमती रामदुलारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक सरोज कुमार, सहायक अध्यापिका शहनाज और पूर्व लिपिक नरेंद्र का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
आयोजन में 35 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और 10 सहायिकाओं ने सहयोग किया। ग्राम के करीब 50 लाभार्थियों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
