Homeनई दिल्लीरोजगार मेले में 51 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र, पीएम...

रोजगार मेले में 51 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र, पीएम मोदी ने कहा- विकसित भारत में युवाओं की अहम भूमिका

रिपोर्ट – न्यूज डेस्क दिल्ली

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित 20वें रोजगार मेले में देशभर के अलग-अलग सरकारी संगठनों में नवनियुक्त युवाओं को 51 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने सभी नवनियुक्त युवाओं और उनके परिवारों को बधाई दी और उनके जीवन की नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश में त्योहारों का मौसम शुरू हो गया है और इसी उत्सव के बीच आज का दिन हजारों परिवारों के जीवन में नई खुशियां लेकर आया है। उन्होंने कहा कि देशभर में 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा में नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं।

विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की अहम भूमिका

पीएम मोदी ने कहा कि ये युवा ऐसे समय में भारत सरकार से जुड़ रहे हैं, जब देश 2047 तक विकसित भारत बनाने के बड़े लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रयास में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का हिस्सा बनने के बाद युवाओं के हर फैसले और कार्य से ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के प्रयासों को मजबूती मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं की अपने साथी युवाओं के प्रति भी विशेष जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं की प्रतिभा और कौशल ने दुनिया का भरोसा जीता है। दुनिया को भारत के इनोवेटर्स, उद्यमियों और युवा शक्ति से काफी उम्मीदें हैं।

BRICS में युवाओं और उद्यमियों की भागीदारी पर जोर

BRICS शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने यह प्रयास किया है कि BRICS का सहयोग केवल सरकारों तक सीमित न रहे। इसमें उद्यमियों, किसानों, महिलाओं और युवाओं की भी सक्रिय भागीदारी हो।

उन्होंने बताया कि इसी सोच के साथ ‘BRICS Connect’ और ‘BRICS MSME सहयोग पोर्टल’ जैसी पहल शुरू की गई हैं। इनका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों के लोगों और संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है।

FTA से युवाओं के लिए खुल रहे नए अवसर

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत ने करीब 40 देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) किए हैं। उन्होंने कहा कि इन व्यापार समझौतों से युवाओं के लिए नए अवसरों के दरवाजे खुल रहे हैं।

पीएम मोदी के मुताबिक, FTA के जरिए भारतीय उद्यमियों के लिए नई साझेदारियों और नए बाजारों तक पहुंच के रास्ते बनते हैं। इसके साथ ही युवाओं के लिए करियर के नए अवसर भी पैदा होते हैं।

शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट पर सरकार का फोकस

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार युवाओं को भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार करने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने नेशनल एजुकेशन पॉलिसी, स्किल इंडिया मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और अप्रेंटिसशिप को बढ़ावा देने जैसी पहलों का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि युवाओं की शिक्षा और कौशल बदलती अर्थव्यवस्था की जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ें।

पीएम मोदी ने PM SETU योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इसके तहत 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश से 1,000 सरकारी ITI को आधुनिक बनाया जा रहा है और इसमें उद्योग जगत की सीधी भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

कविता के जरिए युवाओं में भरा उत्साह

रोजगार मेले के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक कविता की पंक्तियां भी सुनाईं। उन्होंने कहा, “सूरज हमारा हो, समंदर भी हमारा हो। नाव हमारी हो, नाविक भी हमारा हो। लहरों पर विजय लिखें, वो हौसला हमारा हो।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत का युवा इसी हौसले के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नवनियुक्त युवाओं से कहा कि भारत सरकार का हिस्सा बनने के बाद उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्हें देश के युवाओं की आकांक्षाओं को समझते हुए अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करना चाहिए।

रिपोर्ट – न्यूज डेस्क दिल्ली

RELATED ARTICLES

Most Popular