रिपोर्ट – दीपक अवस्थी
अजीतमल, औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मजदूरी करने के लिए साइकिल से अजीतमल जा रहे एक युवक के ऊपर 11 हजार केवी विद्युत लाइन का तार टूटकर गिर गया। करंट की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा हरी टेंट हाउस वाली गली में हुआ। बताया जा रहा है कि युवक घर से साइकिल लेकर मजदूरी के लिए अजीतमल जा रहा था। इसी दौरान अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी विद्युत लाइन का तार टूटकर उसके ऊपर गिर गया। तार के संपर्क में आते ही युवक करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने विद्युत लाइन के रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विद्युत लाइन का समय पर रखरखाव किया जाता तो इस तरह का हादसा टाला जा सकता था।
लोगों ने विद्युत लाइन के रखरखाव में हुई लापरवाही की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।
