रिपोर्ट – अजयपाल यादव
बदायूं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव रविवार को बदायूं पहुंचे। उन्होंने पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हाजी रईस के आवास पर पहुंचकर पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार और केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार, टैक्स और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर निशाना साधा।
2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने संगठन की ताकत के बल पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी गठबंधन के सहयोगियों के साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरेगी।
शिवपाल यादव ने मौजूदा सरकार पर भ्रष्टाचार और बेईमानी के आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार के पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता पर लगातार अलग-अलग तरह के टैक्स का बोझ डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जीएसटी के साथ-साथ वाहन खरीदने, रजिस्ट्रेशन और अन्य सेवाओं के लिए भी लोगों को अलग-अलग शुल्क और टैक्स देना पड़ता है। शिवपाल यादव ने दावा किया कि जनता महंगाई और बढ़ते आर्थिक बोझ से परेशान है। उन्होंने सरकारी कामकाज में रिश्वतखोरी का भी आरोप लगाया।
नियुक्ति पत्र को लेकर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान की गई भर्तियों के नियुक्ति पत्र घर पहुंचाकर दिए जाने के सवाल पर शिवपाल यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने इससे पहले किसी मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री को इस तरह की बातें करते नहीं सुना।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भगवा वस्त्रों का जिक्र करते हुए कहा कि संत का काम क्या होता है। उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचार और बेईमानी का आरोप लगाते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए।
2027 में सरकार बनाने का किया दावा
इंडिया गठबंधन और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर शिवपाल यादव ने कहा कि गठबंधन के साथी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने के साथ प्रदेश में आंदोलन जैसा माहौल बनता जाएगा।
शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए चुनाव मैदान में उतरेगी।
