लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए निशाना साधा। राजभर ने सरकारी नौकरियों, पिछली सरकार के कार्यकाल और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अखिलेश पर कई तंज कसे।
राजभर ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा, “का भइया अखिलेश जी, हाल-चाल ठीक है न?” इसके बाद उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से अगले छह महीने में एक लाख सरकारी नौकरियां देने के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव से पहले बड़ी संख्या में युवाओं को नियुक्तियां मिलने जा रही हैं।
राजभर ने दावा किया कि सरकार में नौकरियां बिना लेन-देन, भेदभाव, जात-पात और क्षेत्रवाद के आधार पर दी जा रही हैं। उन्होंने पिछले नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख सरकारी नौकरियां दिए जाने का भी उल्लेख किया और कहा कि जल्द ही यह आंकड़ा 10 लाख तक पहुंच जाएगा।
‘गिनती करते जाइए, चच्चू को लगा दीजिए’
राजभर ने अपने पोस्ट में अखिलेश यादव पर व्यंग्य करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने नौकरियों के आंकड़े को लेकर “गिनती करते जाइए” कहा है। इसी संदर्भ में उन्होंने अखिलेश को भी गिनती शुरू करने की बात कही और तंज किया कि जरूरत पड़े तो “चच्चू” को गिनती में लगा दें। उन्होंने इस टिप्पणी के जरिए शिवपाल यादव का भी जिक्र किया।
चुनाव को लेकर भी कसा तंज
आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसा कि “चुनाव आ रहा है, दोपहर 12 बजे तक सोना छोड़ दीजिए।” उन्होंने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में सपा के प्रदर्शन का भी उल्लेख किया और 2027 को लेकर व्यंग्यात्मक टिप्पणी की।
राजभर ने अपने पोस्ट में अखिलेश यादव की सरकार के दौरान रोजगार और कानून-व्यवस्था को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि उस समय युवाओं को गलत दिशा में ले जाया गया और नौकरियों में भेदभाव तथा पैसे के लेन-देन का आरोप लगाया।
‘एकतरफा चुनाव में मजा नहीं आता’
राजभर ने अपने बयान में कथित अपराध और चुनावी राजनीति को भी जोड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के कुछ लोगों का अपराधियों से जुड़ाव रहा है। इन आरोपों के समर्थन में उन्होंने अपने पोस्ट में कई तीखी टिप्पणियां कीं।
पोस्ट के अंत में राजभर ने अखिलेश यादव को चुनाव ठीक से लड़ने की सलाह देते हुए कहा कि “एकतरफा चुनाव में मजा नहीं आता है।”
राजभर की इन टिप्पणियों के बीच उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज हो रही हैं। अखिलेश यादव भी हालिया कार्यक्रमों में पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच सक्रिय हैं।
