Homeउत्तर प्रदेशKGMU में नर्सिंग छात्रों का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी, करीब 300...

KGMU में नर्सिंग छात्रों का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी, करीब 300 छात्र धरने पर बैठे

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ । किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में नर्सिंग छात्रों का प्रदर्शन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। नर्सिंग कॉलेज कैंपस में करीब 300 छात्र धरने पर बैठे हैं। सोमवार सुबह करीब 9 बजे शुरू हुआ छात्रों का धरना रातभर जारी रहा। बड़ी संख्या में छात्र पूरी रात कैंपस में मौजूद रहे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते रहे।

दरअसल, वर्ष 2025 बैच की एक नर्सिंग छात्रा की डेंगू से मौत के बाद छात्रों में नाराजगी है। छात्रा की मौत के बाद सोमवार सुबह नर्सिंग कॉलेज के छात्रों ने धरना शुरू किया था। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रिंसिपल के इस्तीफे की मांग की थी।

सोमवार को शुरू हुआ यह प्रदर्शन मंगलवार को भी नहीं थमा। अब छात्रों ने अपनी मांगों में डीन का इस्तीफा भी शामिल कर लिया है। छात्रों का कहना है कि प्रिंसिपल के बाद अब डीन को भी पद से इस्तीफा देना चाहिए। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने स्पष्ट किया है कि जब तक डीन का इस्तीफा नहीं होता, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।

मंगलवार को भी नर्सिंग कॉलेज कैंपस में बड़ी संख्या में छात्र धरने पर बैठे रहे। छात्रों का कहना है कि छात्रा की मौत के मामले में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और कॉलेज प्रशासन को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

रातभर चले धरने के बाद मंगलवार सुबह भी छात्रों का प्रदर्शन जारी रहने से KGMU प्रशासन के सामने आंदोलन खत्म कराने की चुनौती बनी हुई है। फिलहाल छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और धरना जारी रखने की बात कह रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular