रिपोर्ट – दीपक अवस्थी
औरैया के सहार थाना क्षेत्र के पूर्वा सोमवंशी गांव में सोमवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां शराब के नशे में पिता ने चोरी के शक में अपने 15 वर्षीय बेटे ईशू उर्फ रिशू की डंडे से पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने के बाद किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पिता खेतों में जाकर छिप गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी उम्मेद सिंह ने बताया कि बेटे के खिलाफ चोरी की शिकायतें मिलने से वह परेशान था। सोमवार रात शराब के नशे में उसने बेटे को डंडे से पीटा। आरोपी का कहना है कि बेटे की हत्या करने का उसका इरादा नहीं था, लेकिन गुस्से में हुई पिटाई के दौरान किशोर की मौत हो गई।
बहन बोली- पिता की जेब से गायब थे 900 रुपये
मृतक की 17 वर्षीय बहन काजल ने आरोप लगाया कि पिता नशे में घर आए और भाई को पीटने लगे। उसने भाई को बचाने की कोशिश की, लेकिन पिता नहीं माने। काजल के मुताबिक, पिता की जेब से 900 रुपये गायब थे। भाई ने उसे बताया था कि 300 रुपये खर्च हो गए हैं, जबकि 600 रुपये उसने एक दोस्त को दे दिए थे।

गणेश पंडाल की आरती के शोर में दब गई बहन की चीख
काजल ने बताया कि वह भाई को बचाने के लिए लगातार चीखती रही, लेकिन पास के गणेश पंडाल में आरती चल रही थी। आरती के शोर के कारण उसकी आवाज आसपास के लोगों तक नहीं पहुंच सकी। कुछ देर बाद घर में सन्नाटा छा गया और ईशू की मौत हो चुकी थी।
परिजनों के मुताबिक, करीब 14 साल पहले ईशू की मां लता देवी की मौत हो गई थी। अब ईशू की मौत के बाद उसकी बहन काजल और भाई नीरज सदमे में हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पिता उम्मेद सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

