लखनऊ। दुबग्गा थाना क्षेत्र में हरदोई रोड स्थित अंधे की चौकी के पास एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन से बेटी को जन्म देने के करीब 12 घंटे बाद 21 वर्षीय महिला की हालत बिगड़ गई। मंगलवार दोपहर उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस दौरान हरदोई रोड जाम करने का भी प्रयास किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया।
काकोरी एसीपी शकील अहमद के मुताबिक, रुचि नाम की महिला को सामान्य जांच के लिए मेडविन अस्पताल लाया गया था। परिजनों के अनुसार, जांच और अल्ट्रासाउंड के दौरान डॉक्टरों ने डिलीवरी की संभावित तारीख 4 अक्टूबर बताई थी। बाद में डॉक्टरों ने बच्चा उल्टा होने की बात कहते हुए तत्काल ऑपरेशन कराने की सलाह दी।

इसके बाद सोमवार शाम करीब 3 बजे रुचि का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद उसने एक बेटी को जन्म दिया।
ऑपरेशन के बाद बिगड़ती गई हालत
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद रुचि की हालत लगातार बिगड़ती गई। उन्होंने डॉक्टरों और अस्पताल के स्टाफ से इलाज के बारे में जानकारी ली, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे रुचि की मौत हो गई।
रुचि की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल के बाहर हंगामा करते हुए डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने हरदोई रोड जाम करने का भी प्रयास किया।
एसीपी काकोरी शकील अहमद ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मामले में केस दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच करेगी। वहीं, महिला की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। नवजात बच्ची सुरक्षित बताई जा रही है।
