रिपोर्ट – न्यूज डेस्क ,लखनऊ
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की यूपीपीसीएस-2025 मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए तैयार करने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग की ओर से विशेष नि:शुल्क मॉक इंटरव्यू कार्यक्रम
आयोजित किया गया। गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में हुए कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी (उपाम) से जुड़े आईएएस-पीसीएस अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों का मॉक इंटरव्यू लिया।
मॉक इंटरव्यू के दौरान विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। उनकी विषयगत समझ, जवाब देने की क्षमता, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व प्रस्तुति को परखा गया। अभ्यर्थियों को वास्तविक साक्षात्कार का माहौल देने के साथ इंटरव्यू की बारीकियों की जानकारी भी दी गई।
विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों को सवालों के जवाब देते समय स्पष्ट और संतुलित दृष्टिकोण रखने, आत्मविश्वास बनाए रखने और अपने व्यक्तित्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के सुझाव दिए।
कमियों को पहचानकर सुधारने का मिला मौका
मॉक इंटरव्यू का उद्देश्य अभ्यर्थियों को उनकी तैयारी की वास्तविक स्थिति से अवगत कराना भी रहा।
विशेषज्ञों ने बातचीत के दौरान उनकी कमजोरियों और सुधार की संभावनाओं पर मार्गदर्शन दिया। इससे अभ्यर्थियों को वास्तविक इंटरव्यू से पहले अपनी कमियों को पहचानने और उनमें सुधार करने का अवसर मिला।
इन अभ्यर्थियों को मिला अवसर
समाज कल्याण विभाग के उप निदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि मॉक इंटरव्यू में विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों और योजनाओं से जुड़े अभ्यर्थियों को शामिल किया गया।
इसमें छत्रपति शाहू जी महाराज शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, भागीदारी भवन और परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्रों से प्रशिक्षण लेने वाले अभ्यर्थियों के साथ मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अभ्यर्थी भी शामिल हुए। इसके अलावा यूपीपीसीएस-2025 मुख्य परीक्षा में सफल अन्य अभ्यर्थियों को भी मॉक इंटरव्यू का अवसर दिया गया।
