रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय सिख संगठन की ओर से 30 सितंबर 2026 को लखनऊ में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार जसवीर सिंह विर्क ने शनिवार को यूपी प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर से सिख समाज से जुड़ी प्रमुख हस्तियां और प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान सिख समाज से जुड़ी विभिन्न मांगों और मुद्दों को सरकार के समक्ष रखने की बात कही गई।
सरदार जसवीर सिंह विर्क ने कहा कि भारतीय सिख संगठन का गठन समाज के लोगों की हरसंभव मदद करने और उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है। संगठन का प्रयास शहीद भगत सिंह के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही समाज के कमजोर वर्गों की आवाज सरकार तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि भगत सिंह के विचार और उनका देश के प्रति समर्पण आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। संगठन द्वारा हर वर्ष उनकी जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस बार यह आयोजन राजधानी लखनऊ में किया जा रहा है। सरकारी स्रोत भी भगत सिंह की जयंती 28 सितंबर को मनाए जाने का उल्लेख करते हैं।
प्रेस वार्ता में भारतीय सिख संगठन के अध्यक्ष सरदार जसवीर सिंह विर्क, कोषाध्यक्ष सरदार मानसिंह, लखीमपुर के अध्यक्ष सरदार पाल सिंह, सीतापुर के अध्यक्ष सरदार गुरपाल सिंह, सरदार करनैल सिंह, लखविंदर सिंह, तरसींम सिंह, ज्ञानी दलजीत सिंह, जरनैल सिंह, पलविन्दा सिंह, जगरूप सिंह और भूपिंदर सिंह समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
