Homeउत्तर प्रदेशट्रेड शो में जेन अल्फा ने संभाली दुनिया की कमान, MUN में...

ट्रेड शो में जेन अल्फा ने संभाली दुनिया की कमान, MUN में वैश्विक व्यापार पर मंथन

ग्रेटर नोएडा, 26 सितंबर। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में शनिवार को जेन अल्फा ने अंतरराष्ट्रीय मंच का अनुभव हासिल किया। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित ‘विकसित भारत मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN)’ में कक्षा 9 से 12 तक के 14 विद्यालयों के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने अलग-अलग देशों के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाई।

विद्यार्थियों ने वैश्विक व्यापार, विश्व अर्थव्यवस्था, तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बदलती वैश्विक सप्लाई चेन जैसे विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय कूटनीति, संवाद, तर्क-वितर्क और सहमति निर्माण की प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर दिया।

‘विकसित भारत 2047’ रहा मुख्य विषय

मॉडल यूनाइटेड नेशंस का मुख्य विषय ‘विकसित भारत 2047’ रहा। विद्यार्थियों ने विश्व व्यापार संगठन (WTO) के सदस्य देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए विभिन्न व्यापारिक और आर्थिक मुद्दों पर अपने-अपने देशों का पक्ष रखा।

चर्चा में सप्लाई चेन मैनेजमेंट, ट्रेड फैसिलिटेशन एग्रीमेंट, डिजिटल ट्रेड पर मोरेटोरियम, रूल्स ऑफ ओरिजिन, ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ई-कॉमर्स जैसे विषय प्रमुख रहे।

विद्यार्थियों को संबंधित देशों की आर्थिक परिस्थितियों और व्यापार नीतियों का अध्ययन कर उसी के अनुरूप अपनी बात रखनी थी। इससे उन्हें यह समझने का अवसर मिला कि वैश्विक मंच पर किसी निर्णय का असर केवल एक देश तक सीमित नहीं रहता, बल्कि कई देशों की अर्थव्यवस्था और व्यापारिक हित उससे जुड़े होते हैं।

पब्लिक स्पीकिंग और रिसर्च का मिला अनुभव

MUN के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी बात तर्क और कूटनीतिक तरीके से रखने का अभ्यास किया। इस प्रक्रिया से उन्हें पब्लिक स्पीकिंग, रिसर्च, क्रिटिकल थिंकिंग, नेगोशिएशन और निर्णय लेने जैसी क्षमताओं को विकसित करने का अवसर मिला।

ट्रेड शो में आयोजित इस पहल ने कक्षा की पढ़ाई को वैश्विक व्यापार की वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने का काम किया। विद्यार्थियों ने समझा कि किसी उत्पाद के निर्माण से लेकर उसके अलग-अलग देशों के बाजारों तक पहुंचने में सप्लाई चेन, तकनीक, व्यापार समझौते और सरकारी नीतियों की क्या भूमिका होती है।

यूपी के पवेलियन भी देखे

MUN में हिस्सा लेने वाले विद्यार्थियों ने ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से लगाए गए विभिन्न पवेलियन का भी भ्रमण किया। उन्होंने प्रदेश के उद्योग, निवेश, निर्यात, तकनीक, हस्तशिल्प, संस्कृति और विरासत से जुड़े उत्पादों और पहलों को करीब से देखा।

इस दौरान विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और आर्थिक क्षमता के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को समझने का भी अवसर मिला।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मान

कार्यक्रम में विभिन्न देशों का प्रभावी प्रतिनिधित्व करने और चर्चा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विद्यार्थियों को ‘बेस्ट डेलीगेट’, ‘हाई कमेंडेशन’ और ‘स्पेशल मेंशन’ जैसे पुरस्कार प्रदान किए गए। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी दिए गए।

कार्यक्रम में रायन इंटरनेशनल स्कूल, एस्टर पब्लिक स्कूल, स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल, जेएम इंटरनेशनल स्कूल, खेतान स्कूल, भारत राम ग्लोबल स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, नारायणा स्कूल, असीसी कॉन्वेंट स्कूल, एमसी गोपीचंद इंटर कॉलेज, जागरण पब्लिक स्कूल और समरविल स्कूल समेत विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

स्वागत उद्बोधन से हुई शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत गौतम बुद्ध नगर के जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर के स्वागत उद्बोधन से हुई। इस अवसर पर रायन इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा की प्रधानाचार्या सुधा सिंह ने उनका सम्मान किया।

आयोजन के जरिए नई पीढ़ी को ‘विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना से जोड़ते हुए वैश्विक अर्थव्यवस्था, व्यापार और तकनीक की बदलती तस्वीर से परिचित कराया गया। ट्रेड शो के बीच आयोजित MUN विद्यार्थियों के लिए पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर संवाद और विचार रखने का व्यावहारिक अनुभव बना।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular