न्यूज डेस्क , गोरखपुर
गोरखपुर, 28 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सवालों के जवाब दे सकता है और काम आसान बना सकता है, लेकिन सवाल करना अच्छी किताब ही सिखाएगी। तकनीक का उपयोग जरूरी है, लेकिन उस पर पूरी तरह निर्भर नहीं होना चाहिए।
बच्चों में अच्छी पुस्तकें और समाचार पत्र पढ़ने की आदत विकसित करने के साथ नई चीजें जानने की जिज्ञासा बनाए रखना जरूरी है।
मुख्यमंत्री सोमवार को मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में एक मीडिया हाउस की ओर से आयोजित बाल मेला सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विज्ञान मॉडल, चित्रकला, निबंध समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता करीब 70 छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में करीब 500 बच्चों ने हिस्सा लिया।
यूपी में साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
सीएम योगी ने कहा कि साढ़े नौ वर्ष पहले उत्तर प्रदेश की पहचान खराब स्थिति वाले प्रदेश के तौर पर होती थी और युवाओं के सामने पहचान का संकट था। उन्होंने कहा कि उस समय यूपी पुलिस में भी दो लाख से अधिक पद खाली थे। सरकार बनने के बाद भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया और प्रशिक्षण क्षमता बढ़ाई गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में विभिन्न विभागों में साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई। अकेले यूपी पुलिस में 2.30 लाख से अधिक भर्तियां हुई हैं। उन्होंने कहा कि इन भर्तियों की पारदर्शिता पर कोई सवाल नहीं उठा सकता।
दंगे और कर्फ्यू के दौर से बाहर आया यूपी : योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में आए दिन दंगे और लंबे समय तक कर्फ्यू की स्थिति रहती थी। आज उत्तर प्रदेश कर्फ्यू, दंगा और उपद्रव से मुक्त सुरक्षित प्रदेश के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले भी सामर्थ्य था, लेकिन इच्छाशक्ति की कमी थी। प्रयास शुरू हुआ तो उसके परिणाम भी सामने आने लगे।
उन्होंने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश को देश के पिछड़े राज्यों में गिना जाता था, लेकिन आज प्रदेश शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय में भी तीन गुना वृद्धि हुई है।
120 से बढ़कर 24 हजार से अधिक हुए स्टार्टअप
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में केवल 120 स्टार्टअप थे, जबकि आज इनकी संख्या 24 हजार से अधिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा अब केवल नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि स्टार्टअप के जरिए दूसरों को रोजगार देने वाला भी बन रहा है।
गोरखपुर के टेराकोटा का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना से स्थानीय कारीगरों को बाजार मिला है। उन्होंने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें 2,400 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं और 90 देशों से 650 से अधिक विदेशी खरीदार पहुंचे हैं।
550 खिलाड़ियों को मिली नौकरी, अगले सप्ताह 500 से अधिक को मौका
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खेलों में करियर बनाने वाले युवाओं को भी प्रोत्साहित कर रही है। ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ी को छह करोड़ रुपये के साथ सरकारी नौकरी दी जाती है। उन्होंने कहा कि अब तक 550 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है और अगले सप्ताह 500 से अधिक खिलाड़ियों को फिर नौकरी दी जाएगी।
उन्होंने हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय और राजकुमार पाल का उदाहरण देते हुए बताया कि पदक जीतने के बाद दोनों को पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया।
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से बच्चों पर अंकों का अनावश्यक दबाव नहीं बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अंकों के पीछे उतना ही भागना चाहिए, जितना मानसिक संतुष्टि दे। पढ़ाई का दबाव इतना नहीं होना चाहिए कि बच्चे का खेलना, सोना और खाना-पीना प्रभावित हो जाए।
उन्होंने स्कूल-कॉलेजों में हिंदी और अंग्रेजी के समाचार पत्र मंगवाने पर भी जोर दिया। कहा कि समाचार पत्र पढ़ने से भाषा और व्याकरण में सुधार होता है और बच्चों को देश-दुनिया की नई जानकारियां मिलती हैं।
असफलता से सीखकर प्रयास जारी रखें
सीएम योगी ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए कहा कि वह वायुसेना में फाइटर पायलट बनना चाहते थे, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बावजूद उन्होंने प्रयास जारी रखा और आगे चलकर देश के राष्ट्रपति बने। मुख्यमंत्री ने कवि सोहनलाल द्विवेदी की रचना का उल्लेख करते हुए बच्चों से असफलता से सीख लेने और प्रयास नहीं छोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने बच्चों से अपने शहर की विरासत और इतिहास को जानने की भी अपील की। गोरखनाथ मंदिर, गीता प्रेस, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और रामगढ़ताल का उल्लेख करते हुए उन्होंने बच्चों से इन स्थानों की व्यवस्था और इतिहास को समझने को कहा।
सम्मान पाने वालों में बेटियों की संख्या अधिक
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मान पाने वाले बच्चों में बेटियों की संख्या अधिक रही। उन्होंने कहा कि बेटियों को अवसर मिले तो वे अपनी प्रतिभा के बल पर हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं। उन्होंने सांसद रवि किशन से बच्चों को शूटिंग स्थल पर ले जाकर फिल्म निर्माण की प्रक्रिया दिखाने को भी कहा।
सांसद रवि किशन ने कहा कि सम्मान के लिए ऐसे बच्चों का चयन किया गया है, जिन्होंने कुछ अलग कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में बच्चों को आगे बढ़ने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में सांसद रवि किशन शुक्ला, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा समेत शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
