Homeउत्तर प्रदेशसर्वोदय विद्यालयों के खिलाड़ियों में होगी कांटे की टक्कर, 26 से 28...

सर्वोदय विद्यालयों के खिलाड़ियों में होगी कांटे की टक्कर, 26 से 28 नवंबर तक जोन स्तर पर कबड्डी-वॉलीबाल प्रतियोगिता

लखनऊ, 24 नवंबर। योगी सरकार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा दे रही है। इसी क्रम में समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए जोन स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

26 से 28 नवंबर तक होने वाली इन प्रतियोगिताओं में सीनियर वर्ग के खिलाड़ी कबड्डी और वॉलीबाल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

 26 से 28 नवंबर तक होंगे मुकाबले

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत आयोजित होने वाली तीन दिवसीय प्रतियोगिताओं में विभिन्न जनपदों से चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

कबड्डी और वॉलीबाल के मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। इस दौरान खिलाड़ी अपनी खेल क्षमता, रणनीति और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगे।

 खेलों से विकसित होगी नेतृत्व क्षमता

सर्वोदय विद्यालयों में पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा।

 जनपद स्तर पर हो चुका है पहला चरण

समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रतियोगिताओं का पहला चरण 18 और 19 नवंबर को जनपद स्तर पर आयोजित किया गया था।

इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता और उपविजेता खिलाड़ी अब जोन स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे।

जोन स्तर पर प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी संबंधित संयुक्त अथवा उप निदेशक समाज कल्याण को नोडल अधिकारी के रूप में सौंपी गई है।

वहीं, संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य आयोजन की व्यवस्थाएं संभालेंगे। प्रतियोगिता के बाद विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों का विवरण निदेशालय को उपलब्ध कराया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular