Homeउत्तर प्रदेशकाशी में कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने...

काशी में कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी

कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार सुबह वाराणसी के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर की पहली किरण के साथ ही लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई।

इस दौरान हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयघोष से पूरा काशी धाम गूंज उठा। गंगा घाटों पर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला सुबह से ही जारी रहा।

देश के अलग-अलग हिस्सों से काशी पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य अर्जित किया। कार्तिक पूर्णिमा के साथ ही एक महीने तक चलने वाले कार्तिक स्नान का भी समापन हो गया। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ, बाबा काल भैरव और मां अन्नपूर्णा के दरबार में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और सुख-समृद्धि की कामना की।

देव दीपावली पर जगमगाएंगे 11 लाख दीप

शाम को काशी में देव दीपावली का भव्य आयोजन होगा। इस दौरान गंगा के विभिन्न घाटों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। गंगा आरती, प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो, 2100 ड्रोन शो और ग्रीन आतिशबाजी के जरिए काशी का आसमान रोशनी से जगमगाएगा।

पर्यटन और संस्कृति का संगम है देव दीपावली

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने श्रद्धालुओं को देव दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि काशी देश-दुनिया से आने वाले पर्यटकों को पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं से जुड़ने का अवसर देती है। सुबह गंगा स्नान से लेकर शाम के दीपदान तक यह पर्व तीर्थाटन, संस्कृति और स्थानीय आतिथ्य का अनूठा संगम है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि काशी आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिले। साथ ही पर्यटन गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा हों।

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular