लखनऊ, 24 नवंबर। योगी सरकार की कुपोषण के खिलाफ मुहिम को आगे बढ़ाते हुए देवीपाटन मंडल में ‘परंपरा से पोषण’ अभियान शुरू किया गया है। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर शुरू हुए इस अभियान में पारंपरिक खानपान को आधुनिक पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा गया है।
गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत 1 से 6 वर्ष तक के 10,842 गंभीर और मध्यम कुपोषित बच्चों को विशेष पोषण किट देने का लक्ष्य है।
अभियान पर सीएसआर फंड से करीब 55 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रत्येक पोषण किट के लिए करीब 500 रुपये का सीएसआर सहयोग निर्धारित किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, पारंपरिक खानपान और आधुनिक पोषण व्यवस्था को जोड़ने वाली इस तरह की पहल करने वाला देवीपाटन प्रदेश का पहला मंडल है।
लोहे की कढ़ाई, सत्तू और गुड़ से पोषण पर जोर
‘परंपरा से पोषण’ अभियान की खासियत यह है कि इसमें पारंपरिक रसोई के इस्तेमाल को बच्चों के पोषण से जोड़ा गया है। पोषण किट में लोहे की कढ़ाई, एक किलो सत्तू और एक किलो गुड़ शामिल किए गए हैं। लोहे की कढ़ाई में खाना पकाने से भोजन में आयरन की मात्रा बढ़ाने में मदद मिल सकती है। वहीं सत्तू और गुड़ को पारंपरिक पोषण स्रोत के रूप में शामिल किया गया है।
किट में आईसीडीएस के माध्यम से आयु के अनुसार फोर्टिफाइड टेक होम राशन प्रीमिक्स भी दिया जाएगा। इसके साथ स्वास्थ्य विभाग की ओर से ओआरएस-जिंक, आयरन-फोलिक एसिड और विटामिन डी-3 से संबंधित सामग्री भी शामिल की गई है।
अलग-अलग आयु वर्ग के लिए अलग पोषण सामग्री
अभियान में बच्चों की उम्र और पोषण संबंधी जरूरत के अनुसार सामग्री तय की गई है। गर्भवती और धात्री महिलाओं के लिए आटा, बेसन और सोया बर्फी प्रीमिक्स तथा दलिया-मूंग दाल खिचड़ी प्रीमिक्स की व्यवस्था की गई है।
6 से 12 माह के बच्चों के लिए ‘शिशु अमृत’ और ‘आरोग्य पोषण’ के तहत आटा-बेसन हलवा और ऊर्जा युक्त हलवा प्रीमिक्स दिया जाएगा। 1 से 3 वर्ष के बच्चों के लिए ‘शिशु आहार’ और ‘बाल संजीवनी’ तथा 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए ‘बाल पुष्टाहार’ और ‘सक्षम पोषण’ के तहत आयु के अनुसार पोषण सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
सत्यापन के बाद ही मिलेगा किट का लाभ
अभियान में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पोषण किट वितरण से पहले लाभार्थियों का सत्यापन किया जाएगा। पहले पोषण ट्रैकर पर पंजीकृत 1 से 6 वर्ष के बच्चों का सत्यापन होगा। इसके बाद राष्ट्रीय पोषण पुनर्वास केंद्र और स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड से लाभार्थियों का मिलान किया जाएगा।
सत्यापन के बाद जनपद मुख्यालय और फिर विकासखंड स्तर पर पोषण किट का वितरण किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पोषण सामग्री वास्तविक जरूरतमंद बच्चों तक ही पहुंचे।
