रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। गुरु पर्व के अवसर पर मंगलवार को राजधानी लखनऊ के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन प्रभावित रहा। सरकारी अस्पतालों में दोपहर 12 बजे तक ही OPD संचालित की गई, जबकि KGMU, SGPGI और डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में नियमित OPD बंद रही।
हालांकि, मरीजों की सुविधा को देखते हुए सभी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे चालू रखी गई हैं।
गंभीर मरीजों को इमरजेंसी में मिलेगा इलाज
लखनऊ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में मंगलवार को OPD का समय सीमित रखा गया। दोपहर 12 बजे के बाद नियमित OPD में मरीजों को नहीं देखा गया। हालांकि, गंभीर मरीजों के इलाज, भर्ती और इमरजेंसी सेवाओं की व्यवस्था सामान्य दिनों की तरह जारी रहेगी।
बलरामपुर अस्पताल में 12 बजे तक देखे गए मरीज
बलरामपुर अस्पताल के निदेशक डॉ. बीकेएस चौहान ने बताया कि मंगलवार को दोपहर 12 बजे तक OPD में मरीजों को देखा गया। इस दौरान अस्पताल पहुंचे सभी मरीजों को इलाज उपलब्ध कराया गया। इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे जारी रहेंगी।
उन्होंने बताया कि सोमवार को अस्पताल में मरीजों की काफी भीड़ रही थी। सोमवार होने के कारण सामान्य दिनों की तुलना में अधिक मरीज OPD में पहुंचे थे।
लोकबंधु अस्पताल में सुबह 8 बजे शुरू हुआ रजिस्ट्रेशन
लोकबंधु अस्पताल के निदेशक डॉ. विवेक गुप्ता ने बताया कि मंगलवार सुबह 8 बजे से OPD में डॉक्टरों ने मरीजों को देखना शुरू कर दिया था। इसी समय से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू हुई। सुबह मरीजों की संख्या अधिक रही, लेकिन बाद में इसमें कमी आई।
दोपहर 12 बजे तक मरीजों का रजिस्ट्रेशन किया गया। इसके बाद OPD के नए पर्चे बनने बंद हो गए। हालांकि, अस्पताल की इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे जारी रहेंगी।
KGMU की OPD बंद, ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी
KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के चलते मंगलवार को OPD में अवकाश रहा। हालांकि, ट्रॉमा सेंटर समेत अस्पताल की सभी इमरजेंसी सेवाएं चालू रहीं। गंभीर और दुर्घटना में घायल मरीजों को पहले की तरह तत्काल इलाज उपलब्ध कराया गया।
