लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जनजातीय संस्कृति, लोककला और परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर गोमतीनगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में चार दिवसीय ‘अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव’ का शुभारंभ हुआ। 26 नवंबर तक चलने वाले इस उत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय कलाकार अपने पारंपरिक नृत्य, संगीत और गायन के जरिए भारतीय संस्कृति की विविधता प्रस्तुत कर रहे हैं।
उत्सव का उद्घाटन समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने किया। आयोजन की शुरुआत सोमवार को सांस्कृतिक समागम शोभायात्रा से हुई। यह शोभायात्रा शाम को 1090 चौराहे से रवाना होकर यूपी दर्शन पार्क पहुंची। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ।
करमा, थारू और भगोरिया नृत्य ने मोहा मन
उत्सव के पहले दिन उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के कलाकारों ने अपनी पारंपरिक लोककलाओं की प्रस्तुति दी। सोनभद्र के कलाकारों ने मादल वादन और करमा नृत्य से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, लखीमपुर खीरी के चंदन चौकी से आए थारू जनजाति के कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया।
बिजनौर के कुआं खेड़ा के बुक्सा जनजाति के कलाकारों का नृत्य और चित्रकूट का जवारा एवं राई नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहा। महाराष्ट्र के नासिक के कलाकारों ने बोहणा नृत्य और मध्य प्रदेश के धार के कलाकारों ने भगोरिया नृत्य के जरिए अपनी लोकपरंपराओं की झलक दिखाई।
राजस्थान के तेराताली और चकरी नृत्य के साथ पश्चिम बंगाल के संथाली नृत्य ने भी सांस्कृतिक मंच पर विविधता के रंग बिखेरे। हिमाचल प्रदेश के सिरमौरी और लम्बाडा नृत्य तथा छत्तीसगढ़ के दुर्ग से आए कलाकारों की पंडवानी गायन प्रस्तुति को भी दर्शकों ने सराहा।
बीन वादन और लोकगीतों ने बढ़ाई रौनक
प्रयागराज के कलाकारों ने बीन वादन की प्रस्तुति दी, जबकि ओडिशा की बोंडा जनजाति के कलाकारों ने अपने पारंपरिक नृत्य से दर्शकों को परिचित कराया। उत्तराखंड के कलाकारों ने जौनसारी नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं, राजस्थान के कलाकारों की लंगा गायन प्रस्तुति ने कार्यक्रम में लोकसंगीत की मिठास घोल दी।
शिल्प मेले में दिख रहा जनजातीय हुनर
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उत्सव स्थल पर शिल्प मेले का भी आयोजन किया गया है। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिल्पकार अपने पारंपरिक हस्तशिल्प और जनजातीय कलाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं।
शिल्प मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात नौ बजे तक खुला रहेगा। यहां आने वाले लोगों को पारंपरिक शिल्पकला को करीब से देखने, शिल्पकारों से सीधे संवाद करने और उनके हुनर को समझने का अवसर मिल रहा है।
चार दिवसीय यह उत्सव लोकनृत्य, संगीत, गायन और हस्तशिल्प के माध्यम से देश की जनजातीय विरासत को एक साझा मंच प्रदान कर रहा है।
