रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। पाकिस्तान में बैठे हैंडलर राना भाई के निर्देश पर लखनऊ पहुंचे पंजाब के तीन आरोपितों को शुरुआती टास्क के लिए पांच से छह हजार रुपये दिए गए थे। वहीं, टारगेट पूरा करने पर तीन लाख रुपये देने का लालच दिया गया था। एटीएस की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपितों को पहले छोटी रकम देकर तैयार किया गया और बाद में बड़ी रकम का भरोसा देकर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई गई थी।
गगनदीप सिंह, रजत कुमार और क्रिश को 30 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया कि तीनों इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में आए थे। इसके बाद उनके बीच वाट्सएप पर बातचीत होने लगी। लखनऊ पहुंचने के लिए आरोपितों को 2,585 रुपये भेजे गए थे। इसके अलावा ठहरने और अन्य खर्चों के लिए भी रकम उपलब्ध कराई गई थी।
पुलिस या सेना के जवान की टारगेट किलिंग का था टास्क
एटीएस की जांच में सामने आया कि तीनों आरोपितों को लखनऊ में किसी पुलिसकर्मी या सेना के जवान की टारगेट किलिंग का जिम्मा सौंपा गया था। इसके लिए उन्हें शुरुआती रकम दी गई थी, जबकि वारदात पूरी होने के बाद तीन लाख रुपये देने का लालच दिया गया था।
तीनों आरोपितों की सात दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड 17 नवंबर से 23 नवंबर शाम छह बजे तक थी। इस दौरान एटीएस ने उनसे नेटवर्क और वारदात की साजिश को लेकर पूछताछ की।
हथियार पहुंचाने वाले स्थानीय मददगार की तलाश
पूछताछ में एटीएस को हथियार पहुंचाने वाले एक स्थानीय मददगार के बारे में भी जानकारी मिली है। आरोपितों ने उसका हुलिया बताया है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, आरोपितों के मोबाइल फोन से मिले चैट, वीडियो, तस्वीरों और संदिग्ध यूजर आईडी की भी जांच की जा रही है।
वारदात का वीडियो पाकिस्तान भेजकर नेपाल भागने की थी योजना
जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद उसका वीडियो पाकिस्तान भेजने और फिर नेपाल भागने की योजना बनाई गई थी। एटीएस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि पंजाब से लेकर लखनऊ तक इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं और क्या अन्य युवकों को भी इसी तरह टारगेट देकर तैयार किया गया था।
