रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ के डीएवी कॉलेज मैदान में गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर आयोजित समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद करते हुए एकता, समानता, भाईचारे और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री साफा बांधकर समारोह में पहुंचे। उन्होंने संगत के बीच बैठकर कीर्तन सुना और गुरु नानक देव जी को नमन किया। योगी ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने ‘एक ओंकार’ के माध्यम से पूरी मानवता को एक सूत्र में बांधने का संदेश दिया। उनका जीवन अज्ञान पर ज्ञान और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है।

‘एक ओंकार’ का संदेश सभी मनुष्य समान
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी का ‘एक ओंकार’ मंत्र बताता है कि पूरी सृष्टि का रचयिता एक है और सभी मनुष्य उसी परमात्मा की संतान हैं। इसलिए हर व्यक्ति समान सम्मान का अधिकारी है। उन्होंने रामचरितमानस का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रद्धावान व्यक्ति को ही ज्ञान की प्राप्ति होती है। गुरु नानक देव जी ने कीर्तन और भक्ति के माध्यम से समाज में सद्भाव और एकता का संदेश दिया।
गुरुद्वारों का लंगर सामाजिक समानता की मिसाल
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुरुद्वारों में एक साथ बैठकर लंगर छकने की परंपरा सामाजिक समानता और भाईचारे का सबसे बड़ा उदाहरण है। यहां किसी की जाति या वर्ग नहीं पूछा जाता, बल्कि सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। यह परंपरा गुरु नानक देव जी की मानवता और समानता की शिक्षाओं को आज भी जीवंत बनाए हुए है।

अन्याय के खिलाफ खड़े होना ही सच्ची आध्यात्मिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि आध्यात्मिकता का अर्थ केवल पूजा-पाठ तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को अन्याय के खिलाफ खड़े होने की शक्ति और प्रेरणा देती है। धर्म व्यक्ति को परिस्थितियों से भागना नहीं, बल्कि उनका सामना करना सिखाता है। धर्म का उद्देश्य समाज को सही दिशा दिखाना और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने का साहस पैदा करना है।
साहिबजादों के बलिदान को किया याद
सीएम योगी ने गुरु गोविंद सिंह जी और उनके चारों साहिबजादों के बलिदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि साहिबजादों ने धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, लेकिन विदेशी आक्रांताओं के सामने कभी सिर नहीं झुकाया। सिख वीरों ने भी धर्म और देश की रक्षा के लिए संघर्ष करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में भी सिख क्रांतिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। साहिबजादों के अदम्य साहस और बलिदान की स्मृति में वीर बाल दिवस मनाया जाता है।
रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ल
नई पीढ़ी को साहिबजादों के बलिदान से जोड़ने की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ के गुरुद्वारों में भी वीर बाल दिवस की परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री आवास पर भी इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, ताकि नई पीढ़ी साहिबजादों के साहस, त्याग और धर्म के प्रति समर्पण से प्रेरणा ले सके।
