Homeउत्तर प्रदेशबार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश की मतगणना जारी, 7088 वोट पाकर चार...

बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश की मतगणना जारी, 7088 वोट पाकर चार अधिवक्ता विजयी घोषित

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

प्रयागराज। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के चुनाव की मतगणना पांच महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी जारी है। 23 नवंबर 2026 तक मतगणना का 81वां दिन पूरा हो चुका है। कुल 332 प्रत्याशियों के बीच हुई इस चुनावी प्रक्रिया में वरीयता क्रम प्रणाली के तहत 25 सदस्यों का निर्वाचन होना है। अब तक चार प्रत्याशियों को 7088 मत प्राप्त होने के बाद विजयी घोषित किया गया है।

विजयी घोषित प्रत्याशियों में कानपुर के अधिवक्ता अनुराग पांडेय, लखनऊ के अधिवक्ता प्रशांत सिंह अटल, प्रयागराज के अधिवक्ता देवेंद्र मिश्र ‘नगरहा’ और बुलंदशहर के अधिवक्ता शिव किशोर गौर शामिल हैं। वहीं, प्रयागराज (जौनपुर) के अधिवक्ता पांचू राम मौर्य पांचवें स्थान पर चुनावी मुकाबले में बने हुए हैं।

लखनऊ के कई प्रत्याशी चुनावी दौड़ से बाहर

लखनऊ से बार काउंसिल चुनाव में प्रत्याशी रहे वरिष्ठ अधिवक्ता एवं लखनऊ बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष जावेद कैसर भी चुनावी मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में बार काउंसिल के सदस्य रहे अधिवक्ता जानकी शरण पांडेय, जय नारायण पांडेय, प्रदीप कुमार सिंह, अखिलेश अवस्थी और परेश मिश्रा बढ़त बनाए हुए हैं।

इसके अलावा अधिवक्ता बृजेश यादव, अतुल सिंह, दीपक यादव, मधुलिका यादव और ज्ञानेंद्र कुमार भी चुनावी मुकाबले में बने हुए हैं। जावेद कैसर के मुताबिक, राजधानी लखनऊ के अन्य प्रत्याशी चुनावी दौड़ से बाहर हो चुके हैं।

25 सदस्यों के लिए 332 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश प्रदेश के अधिवक्ताओं की प्रमुख संस्था है। इसके 25 सदस्यों का चुनाव प्रदेश के अधिवक्ता पांच वर्ष के कार्यकाल के लिए करते हैं। निर्वाचित सदस्य ही बार काउंसिल के चेयरमैन और उपाध्यक्ष का चयन करते हैं।

पिछला चुनाव वर्ष 2018 में पांच साल के कार्यकाल के लिए हुआ था। कार्यकाल पूरा होने के बाद नए चुनाव की मांग उठी। वर्ष 2026 के चुनाव में 25 पदों के लिए 333 अधिवक्ताओं ने नामांकन किया था। इनमें से एक प्रत्याशी की मृत्यु हो जाने के बाद 332 प्रत्याशी मुकाबले में रह गए।

नामांकन शुल्क और मतदाता सूची के लिए ली गई राशि पर उठे सवाल

प्रत्याशी जावेद कैसर के अनुसार, चुनाव में नामांकन के लिए 1.50 लाख रुपये और मतदाता सूची के लिए 25 हजार रुपये शुल्क लिया गया। उनके मुताबिक, इन दोनों मदों में जमा राशि की वापसी का कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में खर्च होने वाली राशि और समय को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

लखनऊ में मतपत्र लूट की घटना के बाद दोबारा हुआ मतदान

चुनाव के दौरान लखनऊ स्थित इलाहाबाद हाईकोर्ट की खंडपीठ में बनाए गए मतदान केंद्र पर मतपत्र लूट की घटना सामने आई थी। जावेद कैसर का आरोप है कि इस मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। घटना के बाद बार काउंसिल ने लखनऊ का मतदान निरस्त कर दोबारा मतदान कराया था।

लंबी मतगणना पर उठाए सवाल

मतदान के बाद शुरू हुई मतगणना अब तक जारी है। जावेद कैसर ने कहा कि पांच से छह लाख अधिवक्ताओं के बीच प्रथम वरीयता प्रणाली से कराए जा रहे चुनाव में काफी समय और धन खर्च हो रहा है। उनका सवाल है कि डिजिटल युग में चुनाव प्रक्रिया को अधिक सरल और समयबद्ध बनाने के विकल्पों पर विचार क्यों नहीं किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि देश में स्थानीय निकाय से लेकर लोकसभा चुनाव तक की मतगणना अपेक्षाकृत कम समय में पूरी हो जाती है, जबकि बार काउंसिल चुनाव की मतगणना कई महीनों से चल रही है। अब तक चार प्रत्याशियों की जीत घोषित हुई है और शेष पदों के लिए मतगणना जारी है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular