Homeउत्तर प्रदेशत्योहारों से पहले शहरों की व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर, जल निकासी,...

त्योहारों से पहले शहरों की व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर, जल निकासी, सफाई और बिजली बहाली के कार्यों की समीक्षा

रिपोर्ट: न्यूज डेस्क लखनऊ

प्रदेश में लगातार हुई अतिवृष्टि के बाद जनसुविधाओं को जल्द सामान्य करने के लिए योगी सरकार ने राहत और निगरानी कार्य तेज कर दिए हैं। नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री एके शर्मा ने अधिकारियों को जलभराव वाले इलाकों में तत्काल जल निकासी, सफाई और सैनिटाइजेशन कराने के साथ ही प्रमुख सड़कों और मार्गों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।

आगामी त्योहारों को देखते हुए मंत्री ने नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकलने के बाद सफाई और सैनिटाइजेशन का काम बिना देरी के कराया जाए, ताकि संचारी रोगों की आशंका को कम किया जा सके।

बैठक के दौरान मंत्री एके शर्मा ने विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में जलभराव, जल निकासी, साफ-सफाई और रोगों से बचाव के लिए किए जा रहे इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों से पहले शहरों की व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए।

प्रमुख मार्गों और धार्मिक स्थलों पर विशेष व्यवस्था

मंत्री ने प्रमुख सड़कों और मार्गों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश देते हुए कहा कि आवागमन में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। धार्मिक स्थलों और उनके आसपास विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ आवश्यकतानुसार प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को भी दुरुस्त करने को कहा गया।

उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार सुशोभन और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि त्योहारों के दौरान शहरों में बेहतर वातावरण और जनसुविधाएं उपलब्ध रहें।

बिजली बहाली में देरी न हो

ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री एके शर्मा ने शासन और सभी डिस्कॉम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। इसमें मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता स्तर तक के अधिकारियों से अतिवृष्टि एवं प्राकृतिक आपदा से प्रभावित विद्युत अवसंरचना की स्थिति की जानकारी ली गई।

मंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति जल्द सामान्य करने के लिए अतिरिक्त मशीनरी, उपकरण और मैनपावर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में विद्युत आपूर्ति सुचारु है, लेकिन जहां जलभराव या अन्य कारणों से आपूर्ति प्रभावित हुई है, वहां बहाली में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर लगातार निगरानी रखने और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत अवसंरचना की मरम्मत का काम तेजी से पूरा करने को कहा गया, ताकि प्रभावित उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिल सके।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular