रिपोर्ट: न्यूज डेस्क ग्रेटर नोएडा
घर की रसोई में तैयार होने वाले अचार, मुरब्बा और जवे अब बड़े बाजार तक पहुंच रहे हैं। गाजियाबाद की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे इन घरेलू उत्पादों को ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में नया मंच मिला है।
यहां पहुंच रहे खरीदार उत्पादों का स्वाद लेने के साथ ऑर्डर भी दे रहे हैं। कई ग्राहकों ने ऑनलाइन भुगतान कर उत्पादों की बुकिंग कराई है। बड़े खरीदारों से संपर्क बनने की उम्मीद से महिला उद्यमियों में भी उत्साह है।
खेत की सरसों के तेल से तैयार हो रहा अचार
खंजरपुर गांव की रीना धतरवाल पहली बार अपने उत्पादों के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के एक्सपो में पहुंची हैं। उन्होंने कुछ समय पहले दीपराज ऑर्गेनिक पिकल्स नाम से अपनी फर्म शुरू की। रीना घर पर तैयार किए गए मसालों के साथ अपने खेत में उगाई गई सरसों से निकाले गए तेल का इस्तेमाल कर अचार की अलग-अलग किस्में तैयार करती हैं।
रीना के मुताबिक, ट्रेड शो में आने के बाद उनके उत्पादों को व्यापक पहचान मिल रही है। पहले ही दिन कई ग्राहकों ने उनके उत्पाद पसंद किए और ऑनलाइन भुगतान कर अचार, मुरब्बा और जवे के ऑर्डर दिए। उनका कहना है कि इस मंच के जरिए बड़े खरीदारों तक पहुंच बनने और कारोबार को आगे बढ़ाने की उम्मीद है।
नए कारोबार को मिला बड़ा मंच
मोदीनगर की ई नारी शक्ति वूमेन एंपावर संस्था ने भी ट्रेड शो में अपने घरेलू उत्पादों का स्टॉल लगाया है। यहां नींबू, आम और मिर्च के अचार समेत कई उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।
संस्था से जुड़ी महिलाओं का कहना है कि उन्होंने हाल ही में अपने कारोबार की शुरुआत की है। ऐसे बड़े मंच पर सीधे ग्राहकों और संभावित खरीदारों के सामने उत्पाद रखने का अवसर उनके लिए नया अनुभव है। महिलाओं के मुताबिक, ट्रेड शो में मिल रही पहचान उनके उत्पादों के लिए नए बाजार का रास्ता खोल सकती है।
महिलाओं का कहना है कि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने और बड़े मंच पर बिक्री का अवसर मिलने से उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है।
दूसरी महिलाओं को भी दिया रोजगार
गाजियाबाद की पूनम ने पूनम पिकल्स नाम से अपना ब्रांड तैयार किया है। वह घर पर तैयार किए गए मसालों से विभिन्न प्रकार के अचार बनाती हैं। अचार और जवे तैयार करने के काम में उन्होंने दूसरी महिलाओं को भी रोजगार से जोड़ा है।
पूनम ने बताया कि पहली बार इतने बड़े एक्सपो में पहुंचने को लेकर शुरुआत में झिझक थी, लेकिन ग्राहकों की प्रतिक्रिया से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। उनके अनुसार, ट्रेड शो के दौरान मिले संपर्क और ऑर्डर कारोबार को आगे बढ़ाने में मददगार साबित हो सकते हैं।
गाजियाबाद की इन महिला उद्यमियों के लिए ट्रेड शो सिर्फ उत्पादों की बिक्री का मंच नहीं, बल्कि अपने छोटे घरेलू कारोबार को बड़े बाजार से जोड़ने का अवसर भी बन रहा है। रसोई से शुरू हुए इन कारोबारों को नए ग्राहक, नए संपर्क और बड़े ऑर्डर मिलने की उम्मीद ने महिलाओं के उत्साह को और बढ़ाया है।
