Homeउत्तर प्रदेशखेत में भरे पानी में डूबे दो मासूम, मौत से गांव में...

खेत में भरे पानी में डूबे दो मासूम, मौत से गांव में मचा कोहराम

रिपोर्ट – अमित शुक्ला

ऐरवा कटरा। मंगलवार दोपहर गांव देईपुर में दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने कुछ साथियों के साथ छिबरामऊ रोड के पास स्थित एक खेत में भरे पानी में नहाने गए थे। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम छा गया।

जानकारी के मुताबिक, देईपुर गांव निवासी अनिल कुमार का आठ वर्षीय बेटा कृष्णा और राजीव कुमार का नौ वर्षीय बेटा आर्यन मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे अपने साथियों के साथ गांव के दक्षिण में छिबरामऊ रोड स्थित राजू यादव के खेत में पहुंचे थे। बताया गया कि खेत से मिट्टी निकाले जाने के कारण वहां करीब एक बीघा क्षेत्र में गहरा गड्ढा बन गया था, जिसमें बारिश का पानी भरा हुआ था।

नहाने के दौरान कृष्णा और आर्यन अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। उनके साथ मौजूद बच्चों ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। करीब एक घंटे बाद परिजनों ने भी बच्चों की तलाश शुरू कर दी। गड्ढे के पास दोनों बच्चों के कपड़े मिलने के बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।

बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने गहरे पानी में उतरकर दोनों बच्चों की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया।

सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी बिधूना पुनीत मिश्रा और उपजिलाधिकारी बिधूना कमल कुमार राजस्व टीम तथा कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन शुरू में दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं थे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाया, जिसके बाद वे पोस्टमार्टम के लिए सहमत हुए।

इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो मासूमों की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

RELATED ARTICLES

Most Popular