रिपोर्ट – अमित शुक्ला
ऐरवा कटरा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ऐरवा कटरा में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे, जहां चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। दोपहर तीन बजे तक कुल 335 मरीजों की जांच की गई और उन्हें चिकित्सकीय परामर्श के साथ आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. मोहित कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य कैंप के दौरान अलग-अलग तरह की जांच की गई। 15 मरीजों का एक्स-रे, 18 मरीजों की सीबीसी और 45 मरीजों की शुगर जांच की गई। इसके अलावा 41 मरीजों की मलेरिया और टाइफाइड की जांच कराई गई, जबकि 140 मरीजों का ब्लड प्रेशर जांचा गया।
जांच के बाद चिकित्सकों ने मरीजों की रिपोर्ट के आधार पर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। साथ ही जरूरत के अनुसार दवाएं भी वितरित की गईं। स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों को बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी सावधानियों और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में भी जानकारी दी।

शिविर में सामान्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के साथ जांच और उपचार के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों की जांच के साथ उनकी समस्याओं को सुना और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया।
स्वास्थ्य कैंप में सीएचसी अधीक्षक डॉ. मोहित कुमार के अलावा डॉ. कुशवीर सिंह, डॉ. एसपी सिंह चौहान, डॉ. पूजा, डॉ. प्राची और डॉ. महावीर मौजूद रहे। वहीं चीफ फार्मासिस्ट श्याम नरेश दुबे, एलटी जितेंद्र सिंह, अतीकुर्रहमान, फार्मासिस्ट आदेश कुमार, जितेंद्र कुमार, एलटी मानसी, प्रदीप गुप्ता और जयबीर सिंह सहित सीएचसी का अन्य स्टाफ भी स्वास्थ्य सेवाओं में जुटा रहा।

शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए जागरूक किया। कैंप में मरीजों को जांच, परामर्श और दवाओं की सुविधा मिलने से उन्हें काफी सहूलियत मिली।
