रिपोर्ट – अजय पाल यादव
बदायूं। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव मुसिया नगला में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। सरकारी हैंडपंप में करंट उतरने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान शिवा चौधरी पुत्र तहार सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, शिवा बुधवार को गांव में लगे सरकारी हैंडपंप पर नहा रहा था। इसी दौरान अचानक हैंडपंप में करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आ गया। परिजनों के अनुसार, करंट लगने से शिवा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। किशोर की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं हादसे की सूचना पुलिस और बिजली विभाग को दी गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, हैंडपंप के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन में फॉल्ट के कारण करंट हैंडपंप में उतरने की आशंका है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि संबंधित विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगी।
