Homeउत्तर प्रदेशटीएसएच में मंचित हुईं पीएम मोदी के जीवन से जुड़ी अनकही कहानियां,...

टीएसएच में मंचित हुईं पीएम मोदी के जीवन से जुड़ी अनकही कहानियां, संघर्ष से सेवा तक का सफर दिखाया

रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा 

कानपुर, 2 अक्टूबर। कानपुर के टीएसएच प्रांगण में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों पर आधारित ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ नाट्य मंचन का आयोजन किया गया। भाजपा कानपुर उत्तर जिले की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने प्रधानमंत्री के जीवन के संघर्ष, संकल्प, सेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों को मंच पर प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर करीब दो बजे वंदे मातरम् के गान से हुई। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।

सेवा संकल्प अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं से अपील

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से सेवा संकल्प माह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा, समर्पण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने की भावना को आगे बढ़ाना है।

मौर्य ने प्रधानमंत्री मोदी को मिले विभिन्न अंतरराष्ट्रीय सम्मानों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें विश्व के 36 देशों ने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया है। उन्होंने इसे वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते प्रभाव से जोड़कर बताया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की थी और आज यह अभियान जनभागीदारी का रूप ले चुका है। प्रयागराज में स्वच्छता कर्मियों के पैर धोने की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे स्वच्छता कर्मियों के सम्मान का संदेश देशभर में गया।

संघर्ष और सेवा के प्रसंगों को मंच पर किया प्रस्तुत

नाट्य मंचन में 13 कलाकारों की टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़े अलग-अलग प्रसंगों को अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया। गुजरात के शुरुआती दौर को दिखाने के लिए मंच पर टी-स्टॉल का दृश्य तैयार किया गया।

इसके अलावा गुजरात के कच्छ में आए भूकंप के बाद पुनर्निर्माण और विकास की यात्रा तथा कोविड-19 महामारी के दौरान देश के सामने आई चुनौतियों को भी नाट्य प्रस्तुति में शामिल किया गया।

प्रस्तुति के दौरान वंदे मातरम् की प्रस्तुति और “अंधेरा घना है, लेकिन दीपक जलाना कहां मना है” जैसे संवादों पर दर्शकों ने तालियां बजाईं। नाटक में कांग्रेस शासन के दौरान सामने आए कथित घोटालों का भी उल्लेख किया गया।

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश और प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित और सशक्त भारत के निर्माण को लक्ष्य बताते हुए ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की बात कही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की। उन्होंने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी। संचालन अवधेश सोनकर और नवाब सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी, महापौर प्रमिला पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, सांसद रमेश अवस्थी, प्रदेश मंत्री किरन निषाद, विधायक महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीतू सिंह, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, शिवराम सिंह, रघुनंदन भदौरिया, महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी समेत कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।

भाजपा कानपुर उत्तर के जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कार्यक्रम की जानकारी दी।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular