Homeउत्तर प्रदेशअनूप अवस्थी बने भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के मीडिया संयोजक

अनूप अवस्थी बने भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के मीडिया संयोजक

रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा 

कानपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने संगठन के मीडिया विभाग में महत्वपूर्ण नियुक्तियां करते हुए प्रदेश के मीडिया संयोजकों, प्रदेश प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्टों की सूची जारी की है।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं लंबे समय से संगठन के मीडिया विभाग में सक्रिय अनूप अवस्थी को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र का मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है।

अनूप अवस्थी वर्ष 2020 से भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में सह मीडिया प्रभारी के रूप में संगठन की मीडिया गतिविधियों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न जिलों में पार्टी के कार्यक्रमों, अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों को मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने में उनकी सक्रिय भूमिका रही।

31 प्रदेश प्रवक्ता और 25 मीडिया पैनलिस्ट भी नियुक्त

प्रदेश नेतृत्व की ओर से जारी सूची में 31 प्रदेश प्रवक्ताओं और 25 मीडिया पैनलिस्टों के नाम भी घोषित किए गए हैं। अनूप अवस्थी को नई जिम्मेदारी मिलने की जानकारी के बाद कानपुर स्थित उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, मीडिया जगत से जुड़े लोगों और शुभचिंतकों ने उन्हें फोन और व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर शुभकामनाएं दीं।

नई जिम्मेदारी मिलने पर अनूप अवस्थी ने प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना मीडिया विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू समेत संगठन के वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जवाबदेही भी है। संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए वह पूरी ऊर्जा और निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।

जिलों में बेहतर समन्वय पर रहेगा जोर

अनूप अवस्थी ने कहा कि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। क्षेत्र के सभी जिलों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पार्टी की गतिविधियों और संगठनात्मक अभियानों को मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मीडिया विभाग संगठन और समाज के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। उनका प्रयास रहेगा कि भाजपा के संगठनात्मक कार्यों, जनसेवा के अभियानों और सरकार की उपलब्धियों को तथ्यात्मक, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से जन-जन तक पहुंचाया जाए।

नवीन जिम्मेदारी पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि अनूप अवस्थी के लंबे संगठनात्मक और मीडिया अनुभव का लाभ कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के मीडिया विभाग को मिलेगा।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular