रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा
कानपुर। बाबा अमरनाथ यात्रा और यात्रा मार्ग पर लगाए गए सहयोगी भंडारों के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद श्री आनंदेश्वर अमरनाथ सेवा परिवार की ओर से पारिवारिक मिलन एवं सम्मान समारोह ‘शिवांजलि’ का आयोजन किया गया। दरोगा गेस्ट हाउस, दरोगा चौराहा, शास्त्री चौक के निकट आयोजित समारोह में संस्था से जुड़े दानदाताओं, सेवादारों और सहयोगी संस्थाओं के सदस्यों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बालटाल में भंडारे की व्यवस्था करने वाली लंगर कमेटी श्री हनुमान मंदिर, मलेरकोटला (पंजाब), शिव सेवक समिति उन्नाव शाखा तथा श्री अखिलेश्वर महादेव मंदिर समिति, आवास विकास कॉलोनी से जुड़े प्रतिनिधियों और अतिथियों ने सहभागिता की।
समारोह के दौरान भजन संध्या का आयोजन हुआ। इसके साथ ही भगवान भोलेनाथ, राधा-कृष्ण और वीर हनुमान जी की सजीव एवं मनोहारी झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम में धार्मिक वातावरण के बीच मौजूद लोगों ने भक्ति गीतों और झांकियों का आनंद लिया।
संस्था की ओर से सभी अतिथियों, सहयोगी शाखाओं, दानदाताओं और सेवादारों को पटका, माला और प्रतीक चिन्ह पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उन्हें छड़ी यात्रा का प्रसाद भी प्रदान किया गया।
समारोह में संस्था के संरक्षक अनिल चतुर्वेदी, अध्यक्ष बालकृष्ण दीक्षित, महामंत्री कृष्णकांत तिवारी सहित अजय मिश्रा, विजय सिंह, लक्ष्मी शंकर गुप्ता, तेज सिंह यादव, मनोज बिश्नोई, मनोज शर्मा और एडवोकेट साजन यादव समेत बड़ी संख्या में संस्था के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने यात्रा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले दानदाताओं और सेवादारों के प्रति आभार जताया।
संस्था के अध्यक्ष बालकृष्ण दीक्षित ने कहा कि बाबा अमरनाथ की कृपा से इस वर्ष भी यात्रा और संस्था की ओर से लगाए गए सभी भंडारे सुचारु रूप से संपन्न हुए। उन्होंने कहा कि यह सफलता दानदाताओं, सेवादारों और सहयोगी संस्थाओं के निस्वार्थ सेवा भाव के कारण संभव हो सकी है।
उन्होंने कहा कि ‘शिवांजलि’ कार्यक्रम उन सभी लोगों के सम्मान और उनके प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जिन्होंने अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा में अपना योगदान दिया। संस्था का संकल्प है कि आगे भी हर वर्ष इसी सेवा भावना के साथ श्रद्धालुओं की सेवा जारी रखी जाएगी और अधिक से अधिक भक्तों को बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए प्रेरित किया जाएगा।
