Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन, CM योगी बोले- गांव से...

लखनऊ में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन, CM योगी बोले- गांव से ग्लोबल तक पहुंची PM मोदी की यात्रा

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित पटेल पार्क में ‘सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक यात्रा को ‘गांव से ग्लोबल और जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ तक का सफर बताया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उस समय गुजरात कई चुनौतियों से गुजर रहा था। उनके नेतृत्व में गुजरात को मॉडल स्टेट के तौर पर पहचान मिली। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में भी नरेंद्र मोदी ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

‘फ्रैजाइल-5’ से दुनिया की टॉप अर्थव्यवस्थाओं तक

सीएम योगी ने कहा कि एक समय भारत की गिनती दुनिया की ‘फ्रैजाइल-5’ अर्थव्यवस्थाओं में होती थी, लेकिन आज देश दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने स्टार्टअप इकोसिस्टम का जिक्र करते हुए कहा कि देश में स्टार्टअप की संख्या अब ढाई लाख से अधिक हो गई है। युवाओं के लिए नौकरी, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर बढ़े हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को केवल सत्ता और सरकार की यात्रा के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह देश के अलग-अलग वर्गों के जीवन में बदलाव की यात्रा भी है।

वंदे भारत से एक्सप्रेसवे तक बढ़ी कनेक्टिविटी

योगी ने रेलवे विद्युतीकरण, ब्रॉडगेज नेटवर्क और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाओं से देश की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। एयरपोर्ट, हाईवे और एक्सप्रेसवे के नेटवर्क में भी विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को इनलैंड वॉटरवे की सुविधा भी मिली है।

सेमीकंडक्टर और डिफेंस में आत्मनिर्भरता पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अब सेमीकंडक्टर और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सेमीकंडक्टर क्षेत्र में बड़े निवेश हो रहे हैं और रक्षा उत्पादों का निर्यात भी बढ़ा है। उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में एम्स, आईआईटी और आईआईएम जैसी संस्थाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया।

‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ से ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ तक

उत्तर प्रदेश की स्थिति का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि प्रदेश की पहचान अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ जैसी पहलों से बन रही है। उन्होंने कहा कि कारीगरों और हस्तशिल्पियों को उद्यमिता से जोड़ने का काम किया जा रहा है।

डिजिटल इंडिया और जनधन खातों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डीबीटी के जरिए सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है। उन्होंने मुफ्त राशन और रसोई गैस कनेक्शन जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया।

विधानसभा चुनाव को लेकर योगी का बयान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए इसे आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़ा। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव ने विधानसभा चुनाव के परिणाम का संकेत दे दिया है। इसी दौरान उन्होंने ‘80-20’ का राजनीतिक बयान भी दिया और इसे एनडीए और पीडीए से जोड़कर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचेगी ‘सेवा ज्योति’

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से ‘सेवा ज्योति’ को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों तक ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक की यात्रा को जनता के बीच पहुंचाने के साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प से लोगों को जोड़ना है।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों पर आधारित ‘जन सेवा से देश सेवा’ प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सेवा ज्योति की स्थापना की। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, सांसद संजय सेठ, बृजलाल, मेधा कुलकर्णी, महापौर सुषमा खर्कवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular