Homeउत्तर प्रदेशअयोध्या दीपोत्सव 2026: 30 लाख दीयों के साथ दिखेगा रामायण का भव्य...

अयोध्या दीपोत्सव 2026: 30 लाख दीयों के साथ दिखेगा रामायण का भव्य संसार

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला 

लखनऊ/अयोध्या। अयोध्या में दीपोत्सव-2026 इस बार सिर्फ दीपों की रोशनी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरी रामनगरी रामायण के प्रसंगों से सजी नजर आएगी।

छह से आठ नवंबर तक आयोजित होने वाले दीपोत्सव के दौरान अयोध्या के प्रमुख चौराहों, प्रवेश मार्गों, राम कथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू तट को रामायण की थीम पर सजाया जाएगा।

सात नवंबर को दीपोत्सव के मुख्य आयोजन के दौरान अयोध्या के 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाए जाने की तैयारी है।

इसके अलावा पुष्पक विमान, राम रथ, राम दरबार, भरत मिलाप मंच और रामायण आधारित झांकियां भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे वे-फाइंडर

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। रामनगरी में करीब 10 प्रमुख स्थानों पर थीम आधारित वे-फाइंडर लगाए जाएंगे। इनकी मदद से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अलग-अलग आयोजन स्थलों तक पहुंचने में आसानी होगी। इसके साथ ही वर्टिकल स्क्रीन के जरिए भी जरूरी सूचनाएं प्रदर्शित की जाएंगी।

राम कथा पार्क और राम की पैड़ी पर 20 सेल्फी प्वाइंट

दीपोत्सव के दौरान पर्यटकों के लिए राम कथा पार्क और राम की पैड़ी पर कुल 20 खास सेल्फी प्वाइंट तैयार किए जाएंगे। दोनों स्थानों पर 10-10 इंस्टॉलेशन लगाए जाएंगे। इनका डिजाइन अलग-अलग थीम पर आधारित होगा और इनमें अयोध्या व रामायण से जुड़े प्रसंगों को त्रि-आयामी कलाकृतियों के जरिए प्रदर्शित किया जाएगा।

लता मंगेशकर चौक से राम की पैड़ी तक भी आकर्षक आर्ट इंस्टॉलेशन लगाए जाएंगे। इनका उद्देश्य पर्यटकों को तस्वीरें लेने के साथ रामायण के प्रसंगों से जोड़ना है।

अयोध्या में प्रवेश करते ही दिखेगी रामायण की झलक

दीपोत्सव के दौरान अयोध्या के प्रमुख प्रवेश मार्गों को भी विशेष रूप से सजाया जाएगा। लखनऊ, सुल्तानपुर और रायबरेली की तरफ से आने वाले मार्गों के साथ धर्म पथ पर रामायण की थीम पर 10 भव्य द्वार तैयार किए जाएंगे। हर द्वार का डिजाइन अलग होगा और रोशनी से सजे ये प्रवेश द्वार श्रद्धालुओं को अयोध्या में प्रवेश करते ही दीपोत्सव की भव्यता का एहसास कराएंगे।

पुष्पक विमान और राम दरबार होंगे खास आकर्षण

राम की पैड़ी के आसपास पुष्पक विमान की थीम पर रोडसाइड इंस्टॉलेशन तैयार किया जाएगा। इसके साथ राम रथ और रामायण आधारित झांकी भी आकर्षण का केंद्र होगी। राम की पैड़ी के समीप राम दरबार की भव्य प्रस्तुति की जाएगी।

वहीं राम कथा पार्क के पास हेलीपैड क्षेत्र में भरत मिलाप मंच और पाथवे विकसित किए जाएंगे। सरयू और राम की पैड़ी पर आकर्षक फ्लोटर्स भी लगाए जाएंगे, जो दीपोत्सव के दौरान लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे।

राम कथा पार्क का मंच भी नए अंदाज में सजेगा

राम कथा पार्क के स्थायी मंच को भी दीपोत्सव के लिए नए रूप में तैयार किया जाएगा। यहां एलईडी स्क्रीन, बेहतर साउंड और लाइटिंग व्यवस्था, थीम आधारित सजावट, पुष्प सज्जा और रंगोली के जरिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भव्य वातावरण तैयार किया जाएगा।

नई पीढ़ी को रामायण से जोड़ने की पहल

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के मुताबिक दीपोत्सव के माध्यम से अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को नए रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि प्रमुख मार्गों पर रामायण के अलग-अलग कांडों और प्रसंगों पर आधारित स्थापनाएं तैयार की जा रही हैं।

इनमें लंका कांड समेत रामायण के प्रमुख प्रसंगों को सरल भाषा में संक्षिप्त रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों और नई पीढ़ी को रामायण की कथाओं और भारतीय संस्कृति से सहज तरीके से जोड़ना है।

इस बार अयोध्या का दीपोत्सव रोशनी के साथ-साथ संस्कृति, कला, आध्यात्मिकता और रामायण के जीवंत प्रसंगों का भव्य अनुभव देने की तैयारी में है।

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular