Homeउत्तर प्रदेशरामलीला महोत्सव में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, ताड़का वध की लीला...

रामलीला महोत्सव में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, ताड़का वध की लीला ने मोहा मन

रिपोर्ट: अमित शुक्ला 

ऐरवा कटरा। ऐरवा टीकुर में आयोजित 130वें आदर्श रामलीला महोत्सव के तीसरे दिन धार्मिक और पौराणिक प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन समाजवादी पार्टी की प्रदेश सचिव रंजना पाल ने फीता काटकर और भगवान श्रीराम की आरती-पूजन कर किया। इस दौरान पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

रामलीला के तीसरे दिन कलाकारों ने मुनि याचना, ताड़का वध, श्री गंगा लीला और नगर दर्शन जैसे प्रसंगों का मंचन किया। मुनि याचना के प्रसंग में महर्षि विश्वामित्र राजा दशरथ के दरबार में पहुंचकर यज्ञ की रक्षा के लिए भगवान श्रीराम और लक्ष्मण को अपने साथ ले जाने की अनुमति मांगते हैं। राक्षसों द्वारा यज्ञ में बाधा डालने की बात सुनकर भगवान श्रीराम और लक्ष्मण महर्षि विश्वामित्र के साथ वन की ओर प्रस्थान करते हैं।

इसके बाद ताड़का वध की लीला का मंचन हुआ। वन में ऋषि-मुनियों को परेशान करने वाली राक्षसी ताड़का का भगवान श्रीराम वध करते हैं। कलाकारों ने संवाद, युद्ध दृश्य और प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से इस प्रसंग को जीवंत बना दिया। मंचन के दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

इसके बाद श्री गंगा लीला और नगर दर्शन के प्रसंग प्रस्तुत किए गए। कलाकारों ने भक्ति गीतों पर नृत्य कर दर्शकों को भावविभोर किया। वहीं, हास्य कलाकार ने देशभक्ति गीत पर प्रस्तुति देकर लोगों का मनोरंजन किया। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि रंजना पाल को पटका पहनाकर और भगवान श्रीराम का चित्र भेंटकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर रामलीला कमेटी के प्रबंधक इंद्रप्रकाश तिवारी, अध्यक्ष एवं प्रधान सरमन सिंह, उपाध्यक्ष रानू पालीवाल, पूर्व प्रधान वीरेंद्र कुमार यादव, मनोज शर्मा, प्रधान अरुण कुशवाह, मोहित कुशवाह, गौरव गुप्ता, पद्म नारायण तिवारी, कपिल गौतम, ब्रिगेडियर तिवारी, विकास चक्रवर्ती हिटलर, बीनू सक्सेना सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular