Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ IT सिटी में किसानों की बल्ले-बल्ले, 534 किसानों को मिले 800...

लखनऊ IT सिटी में किसानों की बल्ले-बल्ले, 534 किसानों को मिले 800 विकसित भूखंड

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सुल्तानपुर रोड पर विकसित हो रही आईटी सिटी आवासीय योजना में अपनी जमीन देने वाले किसानों का इंतजार खत्म हो गया है।

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने लैंड पूलिंग नीति के तहत आयोजित चौथे चरण की लॉटरी में 534 किसानों को 800 विकसित भूखंड आवंटित किए हैं। गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भूखंड मिलने पर किसानों के चेहरे खिल उठे।

लॉटरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किसानों से ही पर्चियां निकलवाई गईं। इसके साथ ही कार्यक्रम का यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया, ताकि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जा सके।

3,500 एकड़ में विकसित हो रही आईटी सिटी योजना

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक, सुल्तानपुर रोड पर करीब 3,500 एकड़ क्षेत्रफल में आईटी सिटी आवासीय योजना विकसित की जा रही है।

लैंड पूलिंग नीति के तहत जिन किसानों और भू-स्वामियों ने 31 अगस्त तक अपनी जमीन का अनुबंध प्राधिकरण के पक्ष में कराया था, उन्हें उनकी जमीन के 25 प्रतिशत के बराबर विकसित भूखंड आवंटित किए गए हैं।

छह श्रेणियों में बांटे गए 800 भूखंड

एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा के अनुसार, चौथे चरण की लॉटरी में छह अलग-अलग श्रेणियों के भूखंड शामिल किए गए। इनमें 288 वर्गमीटर के 327, 200 वर्गमीटर के 59, 162 वर्गमीटर के 57, 128 वर्गमीटर के 87, 72 वर्गमीटर के 118 और 35 वर्गमीटर के 152 भूखंड आवंटित किए गए। इस तरह कुल 800 विकसित भूखंड किसानों को मिले।

पहले तीन चरणों में भी हो चुका है आवंटन

आईटी सिटी योजना के तहत इससे पहले तीन चरणों में 931 किसानों को 1,397 विकसित भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। अब चौथे चरण में 534 किसानों को 800 भूखंड मिलने के बाद योजना में आवंटन की प्रक्रिया ने एक और कदम आगे बढ़ाया है।

कार्यक्रम में एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, अनु सचिव संजीव कुमार, प्रभारी अधिकारी-योजना रवि नंदन सिंह समेत प्राधिकरण के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular