Homeउत्तर प्रदेशऔरैया में 20 लाख के मादक पदार्थों के साथ युवक गिरफ्तार

औरैया में 20 लाख के मादक पदार्थों के साथ युवक गिरफ्तार

रिपोर्ट- अमित शुक्ला

औरैया। औरैया में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से कोकीन, एमडीएमए/एक्स्टसी टैबलेट्स और मेथामफेटामाइन पाउडर बरामद हुआ है। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 600 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली पुलिस की टीम जालौन चौराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फफूंद रोड पर नहर पुल के आगे एक युवक मादक पदार्थों के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने अधिकारियों को जानकारी दी और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर सुबह करीब 3:57 बजे युवक को पकड़ लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान पुनीत प्रताप सिंह उर्फ प्रगत (28) पुत्र जयपाल सिंह, निवासी गायत्री नगर, थाना कोतवाली औरैया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, क्षेत्राधिकारी यातायात मनोज कुमार गंगवार की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके पास से 44.55 ग्राम कोकीन, 4.32 ग्राम एमडीएमए/एक्स्टसी टैबलेट्स और 2.92 ग्राम मेथामफेटामाइन पाउडर मिला।

गाजियाबाद से लाने की बात कबूली

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह मादक पदार्थ गाजियाबाद से लाता था और नशे के आदी लोगों को बेचता था। उसके मुताबिक, गाजियाबाद में अलग-अलग लोग उसे ये पदार्थ उपलब्ध कराते थे। हालांकि, आरोपी ने कथित तौर पर उन लोगों के नाम और पते की जानकारी नहीं होने की बात कही।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली औरैया में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21(बी)/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले में मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular