Homeउत्तर प्रदेशहमीरपुर में फल विक्रेता की मौत का खुलासा, पोस्टमार्टम में मिली गोली;...

हमीरपुर में फल विक्रेता की मौत का खुलासा, पोस्टमार्टम में मिली गोली; शव रखकर जाम

रिपोर्ट – अंकित पाण्डेय

हमीरपुर।जिले में फल विक्रेता की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद नया मोड़ आ गया है। परिजन जिस व्यक्ति को फर्श पर गिरने से घायल होना बताकर अस्पताल लेकर पहुंचे थे, उसकी मौत गोली लगने से हुई।

पोस्टमार्टम में गोली की पुष्टि होने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने कालपी चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग भी उठाई।

मामला 16 अक्टूबर का है। कालपी चौराहे पर फल बेचने वाले 40 वर्षीय राजकुमार निषाद को परिजन घायल अवस्था में सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। उस समय उन्होंने फर्श पर गिरने से चोट लगने की बात बताई थी। हालत गंभीर होने के कारण राजकुमार को कानपुर रेफर कर दिया गया, जहां 18 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई।

सीटी स्कैन में मिला मेटैलिक पदार्थ, पोस्टमार्टम में गोली की पुष्टि

जानकारी के मुताबिक, राजकुमार के सीटी स्कैन में मेटैलिक सब्सटेंस मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पैनल गठित कर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम में गोली लगने की पुष्टि हुई। इसके बाद मृतक की मौत को लेकर पहले बताई गई परिस्थितियों पर सवाल खड़े हो गए।

बताया गया कि घायल अवस्था में अस्पताल लाए जाने के दौरान न तो परिजनों की ओर से और न ही अस्पताल की ओर से पुलिस को गोली लगने की सूचना दी गई थी। पोस्टमार्टम में गोली की पुष्टि होने के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है। अब पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 कालपी चौराहे पर शव रखकर लगाया जाम

पोस्टमार्टम में गोली लगने की पुष्टि के बाद आक्रोशित परिजनों ने कालपी चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। जाम के चलते चौराहे के दोनों ओर वाहनों और लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

परिजनों की मांग है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने और स्थिति सामान्य कराने में जुटे रहे।

 पुलिस-प्रशासन मौके पर, जांच जारी

फल विक्रेता की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से गोली लगने की पुष्टि होने के बाद पुलिस जांच में जुटी है। अधिकारियों की ओर से परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगों को सुना जा रहा है। मामले में मौत की परिस्थितियों, गोली लगने की घटना और जिम्मेदार लोगों की पहचान को लेकर जांच की जा रही है

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular