रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा
कानपुर। बाबूपुरवा स्थित नया सेंटर पार्क में श्री आदर्श लीला कमेटी की ओर से 69वें रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के नौवें दिन ‘लक्ष्मण शक्ति’, अहिरावण वध, कुंभकरण वध, मेघनाद वध और लंका दहन की लीलाओं का मंचन किया गया। भगवान श्रीराम की लीला देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंचन के दौरान दर्शक भक्ति और उत्साह में डूबे नजर आए।
रामलीला में कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से रामायण के प्रमुख प्रसंगों को जीवंत किया। लक्ष्मण शक्ति की लीला ने दर्शकों को भावुक किया, वहीं कुंभकरण और मेघनाद वध के प्रसंगों ने अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया। लंका दहन के मंचन ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
कमेटी की ओर से मंगलवार को विशाल दशहरा मेले का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर तैयारियां की जा रही हैं। श्री आदर्श लीला कमेटी के महामंत्री प्रखर श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार दशहरा मेले में 50 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके साथ ही आकर्षक आतिशबाजी भी की जाएगी, जो मेले का मुख्य आकर्षण रहेगी।
दशहरा मेले को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कमेटी के सदस्य जुटे हुए हैं।
इस मौके पर हरे राम, देवराज जोशी, धर्मेंद्र चौधरी, मनीष खत्री, प्रखर श्रीवास्तव, विकास मिश्रा, मनोज शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
