रिपोर्ट – अमित शर्मा
विजयदशमी के अवसर पर अखिल भारत हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर एक बार फिर चर्चा में हैं। विजयदशमी पर शस्त्र पूजन की परंपरा का निर्वहन करते हुए उन्होंने आगरा के नामनेर चौराहे पर भारतीय सेना द्वारा स्थापित टैंक का विधि-विधान से पूजन किया। इस दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने टैंक पर भारतीय तिरंगा लहराया। इसके बाद मीरा राठौर ने टैंक पर कलावा बांधकर आरती उतारी।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’, ‘वीर सपूतों की जय’ और ‘भारतीय सेना की जय’ के नारे लगाए। इस आयोजन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मीरा राठौर एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं।
इस अवसर पर मीरा राठौर और संगठन के वरिष्ठ नेता अवतार सिंह गिल ने कहा कि विजयदशमी असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। इस दिन लोग परंपरा के अनुसार शस्त्र पूजन करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम के प्रतीक टैंक का पूजन कर देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों को नमन किया है।
उन्होंने कारगिल युद्ध में शहीद हुए भारतीय सैनिकों को याद करते हुए कहा कि देश के वीर जवानों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। भारतीय सेना के साहस और शौर्य को नमन करते हुए कार्यक्रम में देशभक्ति के नारे लगाए गए।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ हिंदू नेता शंकर श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष मीरा राठौर के साथ नीतू ठाकुर, डॉली कुशवाहा, अवतार सिंह गिल, शंकर श्रीवास्तव और सौरभ शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
