रिपोर्ट – दीपक अवस्थी
औरैया।मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने और निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी निर्धारित मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मौजूद रहेंगे। नागरिक बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकेंगे और नाम दर्ज कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकेंगे।
विशेष अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अभियान की तैयारियों, बूथ स्तर पर की गई व्यवस्थाओं और मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्राप्त आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष अभियान दिवस पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि निर्धारित मतदेय स्थलों पर BLO की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके साथ ही सभी बूथों पर प्रपत्र-6 पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए, जिससे पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 202-बिधूना, 203-दिबियापुर और 204-औरैया (अ.जा.) के मतदाताओं से विशेष अभियान का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें।
यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज नहीं है, तो वह निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। साथ ही परिवार के अन्य पात्र सदस्यों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करें।
उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम दर्ज होना आवश्यक बताया। मतदाता सूची से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए निर्वाचन हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य सहित सभी संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।
