रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चर्चित युवा कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रही मॉडल श्रद्धा दुबे को एसटीएफ ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार सुबह एसटीएफ की टीम श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को लेकर लखनऊ पहुंची। तीनों को हजरतगंज थाने ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जानी है। श्रद्धा दुबे पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
इस हाईप्रोफाइल मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब हत्याकांड से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच के दायरे में श्रद्धा के कथित मददगारों, महाराष्ट्र कनेक्शन और नेपाल जाने से जुड़े पहलुओं को भी शामिल किया गया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
नागपुर से सड़क मार्ग के जरिए लखनऊ पहुंची टीम
एसटीएफ तीनों को नागपुर से गिरफ्तार करने के बाद सड़क मार्ग से लखनऊ लेकर आई। हजरतगंज थाने में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया। महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों और घटनाक्रम की जानकारी जुटाने की तैयारी कर रही है। अदालत में पेशी के बाद पुलिस रिमांड की मांग किए जाने की संभावना है।
नेपाल भागने में आमिर की भूमिका की जांच
शिवा शर्मा की मौत के बाद श्रद्धा दुबे के करीबी बताए जा रहे आमिर की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा के आमिर के साथ नेपाल जाने की बात सामने आई है। यह भी आरोप है कि घटना के समय आमिर मौके पर मौजूद था और उसने श्रद्धा को फरार होने में मदद की थी।
सूत्रों के अनुसार, आमिर ने कथित तौर पर फर्जी पहचान पत्र के आधार पर श्रद्धा को सिम कार्ड उपलब्ध कराया था। आरोप है कि फरारी के दौरान संपर्क बनाए रखने के लिए इसका इस्तेमाल किया गया। हालांकि, आमिर की भूमिका और इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
कथित प्रभावशाली संपर्कों की भी पड़ताल
श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी के बाद उसके कथित प्रभावशाली संपर्कों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। ‘संजय सर’ समेत कुछ अन्य लोगों से उसके संबंधों के दावों की जांच को अहम माना जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फरारी के दौरान श्रद्धा को किसने मदद पहुंचाई और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल थे।
पूछताछ से खुल सकते हैं कई राज
पुलिस के सामने अब शिवा शर्मा की मौत से जुड़े घटनाक्रम, श्रद्धा के फरार होने और उसे कथित तौर पर मदद देने वालों की भूमिका स्पष्ट करने की चुनौती है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस पूछताछ के जरिए इन सवालों के जवाब तलाशने में जुटी हैं। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
