रिपोर्ट: अमित शर्मा | आगरा
आगरा में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक पोस्टरबाजी देखने को मिल रही है। शमसाबाद रोड स्थित राजपुर चुंगी पर योगी यूथ ब्रिगेड की ओर से एक पोस्टर लगाया गया है। इस पोस्टर पर ‘सत्ताईस में फिर सन्यासी’ और ‘मिशन 2027-फिर एक बार योगी सरकार’ जैसे नारे लिखे गए हैं। पोस्टर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हवन-पूजन करते हुए तस्वीर लगाई गई है।
पोस्टर के जरिए संगठन ने योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमं बनाने का संकल्प जताया है। इसमें लिखा है, ‘जो हिंदू हित की बात करेगा, वही प्रदेश में राज करेगा।’ पोस्टर पर इन नारों के साथ संगठन की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपना राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की गई है।
पोस्टर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, आम आदमी पार्टी के नेता एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी समेत कई विपक्षी नेताओं की तस्वीरें लगाई गई हैं।
इन तस्वीरों के साथ पोस्टर पर ‘देश के गद्दार’ और ‘जिन्ना के एजेंट’ जैसी विवादित टिप्पणियां लिखी गई हैं। इसके अलावा कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके का नाम भी पोस्टर में शामिल है। पोस्टर पर इस्तेमाल की गई भाषा के चलते यह राजनीतिक चर्चा का विषय बन सकता है।
संगठन के पदाधिकारियों की तस्वीरें भी शामिल
यह पोस्टर योगी यूथ ब्रिगेड की ओर से लगाया गया है। इसमें संगठन के प्रदेश अध्यक्ष और ताजमहल-तेजोमहालय मामले के पक्षकार हिंदूवादी नेता कुंवर अजय तोमर की तस्वीर भी लगाई गई है। उनके साथ संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रजापति, ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष हरिशंकर चौहान, ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष दुर्गेश रावत और महानगर अध्यक्ष युवा मोर्चा राजकुमार प्रजापति की तस्वीरें भी पोस्टर पर दिखाई गई हैं।
आगरा में लगाए गए इस पोस्टर के जरिए संगठन ने वर्ष 2027 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में फिर से सरकार बनाने के समर्थन में अपना संदेश दिया है। वहीं, विपक्षी नेताओं के खिलाफ इस्तेमाल किए गए शब्दों ने पोस्टर को राजनीतिक रूप से चर्चा का विषय बना दिया है।
