Homeउत्तर प्रदेशहराइच में प्रेमी से शादी की जिद पर टावर पर चढ़ी किशोरी,...

हराइच में प्रेमी से शादी की जिद पर टावर पर चढ़ी किशोरी, तीन घंटे तक चला पुलिस का प्रयास

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के मिहींपुरवा इलाके में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 17 वर्षीय किशोरी अपने प्रेमी से शादी करने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई। किशोरी को टावर पर चढ़ा देखकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। खबर लिखे जाने तक किशोरी टावर से नीचे नहीं उतरी थी।

जानकारी के मुताबिक, मोतीपुर थाना क्षेत्र के चौधरी गांव में एक मोबाइल कंपनी का टावर लगा हुआ है। पड़ोस के विश्राम गांव की रहने वाली किशोरी शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे इस टावर पर चढ़ गई। कुछ ही देर में इसकी जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो मौके पर भीड़ जुटने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ब्रह्मा गौड़ पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने किशोरी को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया। परिवार के लोगों से संपर्क करने पर पता चला कि किशोरी अपने प्रेमी से शादी करना चाहती है, जबकि परिवारजन इसके लिए तैयार नहीं हैं। इसी बात से नाराज होकर वह टावर पर चढ़ गई।

अनहोनी की आशंका से पुलिस सतर्क

किशोरी के काफी देर तक टावर पर बने रहने से पुलिस और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई। किसी भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए दमकल कर्मियों को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस टीम किशोरी को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी रही।

घटना के चलते मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही। पुलिस की प्राथमिकता किशोरी को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित नीचे उतारना है। समाचार लिखे जाने तक किशोरी टावर पर ही मौजूद थी और उसे नीचे उतारने के प्रयास जारी थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular