झांसी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की 19वीं ऑल इंडिया डॉग ड्यूटी प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साह और रोमांच के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में देश के विभिन्न रेलवे जोन से आए प्रशिक्षित डॉग ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कार्यक्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। डॉग के अनोखे करतब देखकर उपस्थित लोग भी हैरान रह गए।
प्रतियोगिता के दौरान प्रशिक्षित डॉग ने कई आकर्षक प्रदर्शन किए। किसी डॉग ने सिर पर पानी से भरा गिलास रखकर संतुलन और अनुशासन का परिचय दिया, तो किसी ने ड्रम को रोल करके अपनी विशेष क्षमता दिखाई। वहीं, खोजी डॉग ने चोर को पकड़ने का प्रदर्शन कर अपराधों की जांच और अपराधियों की धरपकड़ में अपनी अहम भूमिका को दर्शाया।
डॉग के एक से बढ़कर एक प्रदर्शन ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। इन करतबों के जरिए डॉग और उनके हैंडलर के बीच बेहतर तालमेल, कठिन प्रशिक्षण और अनुशासन की झलक देखने को मिली। प्रतियोगिता में शामिल डॉग ने दिखाया कि किस तरह विशेष प्रशिक्षण के जरिए उन्हें विभिन्न परिस्थितियों में काम करने के लिए तैयार किया जाता है।
देशभर से आए रेलवे सुरक्षा बल के प्रशिक्षित डॉग इस प्रतियोगिता में अपनी दक्षता और कार्यक्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य डॉग की खोजी क्षमता, अपराधों का पता लगाने की दक्षता और अलग-अलग परिस्थितियों में काम करने की योग्यता का मूल्यांकन करना है।
इस आयोजन के माध्यम से रेलवे सुरक्षा में डॉग की महत्वपूर्ण भूमिका को सामने लाने के साथ-साथ उनके प्रशिक्षण और कार्यकुशलता को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
