Homeउत्तर प्रदेशनकली सीमेंट सिंडिकेट पर कार्रवाई की मांग, कांग्रेस ने राज्यपाल को भेजा...

नकली सीमेंट सिंडिकेट पर कार्रवाई की मांग, कांग्रेस ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

रिपोर्ट: अभिषेक मिश्रा

कानपुर नगर। नकली सीमेंट सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कानपुर नगर ग्रामीण के अध्यक्ष संदीप शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर नकली सीमेंट के कारोबार में कथित रूप से शामिल लोगों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर करीब 12:30 बजे नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में अधिवक्ता भी मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर कार्यकर्ता और अधिवक्ता एकत्र हुए और अपनी मांगों को लेकर संबोधन किया।

सरकारी निर्माण कार्यों की जांच की मांग

कांग्रेस नेताओं ने आशंका जताई कि सीएम ग्रिड प्रोजेक्ट, विधायक निधि से होने वाले निर्माण कार्यों और अन्य सरकारी योजनाओं में नकली सीमेंट का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने कहा कि यदि सरकारी निर्माण में नकली सीमेंट का प्रयोग हुआ है, तो भविष्य में बड़े हादसों और जनहानि का खतरा पैदा हो सकता है।

उन्होंने पनकी स्थित भूखंड संख्या एफ-181 पर कथित नकली सीमेंट कारखाना पकड़े जाने का उल्लेख करते हुए भूखंड के मालिक का नाम सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही, इस मामले में कथित राजनीतिक संरक्षण की भी जांच कराने की बात कही।

मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण पर भी उठे सवाल

प्रदर्शन में शामिल अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में बनी मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने पार्किंग में घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल की आशंका जताते हुए ठेकेदार और कथित नकली सीमेंट सिंडिकेट के बीच संबंधों की जांच की मांग की।

अधिवक्ताओं ने आईआईटी के विशेषज्ञों से सीएम ग्रिड प्रोजेक्ट, विधायक निधि से कराए गए कार्यों और अन्य सरकारी निर्माण योजनाओं की तकनीकी जांच कराने की मांग भी उठाई।

पुलिस की भूमिका की जांच की मांग

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं मदन मोहन शुक्ला, प्राणनाथ मिश्रा और नरेश चंद्र त्रिपाठी ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नकली सीमेंट बनाने के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी को जल्द जमानत मिल गई। कांग्रेस नेताओं ने पूरे मामले में पुलिस और कथित सिंडिकेट के बीच संभावित सांठगांठ की जांच कराने की मांग की।

कांग्रेस की लीगल सेल के कानपुर चेयरमैन रमणीक चतुर्वेदी ने कहा कि आम लोगों की जान को खतरे में डालने के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अपनी लड़ाई जारी रखेगा।

ज्ञापन देने वालों में प्राणनाथ मिश्रा, मदन मोहन शुक्ला, इखलाक अहमद डेविड, सतीश दीक्षित, नरेश त्रिपाठी, मोहम्मद तुफैल, अनूप द्विवेदी, रमाकांत मिश्रा, रमणीक चतुर्वेदी, सियाराम पाल, सैमुअल लकी, महेंद्र भदौरिया, नीरज शर्मा, आनंद वर्मा, प्रतीक शर्मा, जितेंद्र शुक्ला, ताराचंद रुद्राक्ष सहित अनेक कांग्रेस नेता और अधिवक्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular