लखनऊ। करवा चौथ के व्रत को लेकर नवविवाहित महिलाओं के मन में बना संशय अब दूर हो गया है। इस वर्ष 29 अक्टूबर, गुरुवार को करवा चौथ का व्रत रखा जाएगा। अखंड सौभाग्य की कामना से किए जाने वाले इस व्रत में नवविवाहिताएं भी पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ शामिल हो सकती हैं। स्वास्तिक ज्योतिष केंद्र, अलीगंज के ज्योतिषाचार्य एसएस नागपाल के अनुसार, शुक्र ग्रह के अस्त होने के कारण पहले करवा चौथ का व्रत रखने में कोई बाधा नहीं है।
लक्ष्मी नारायण राजयोग और शुभ योग का संयोग
वैदिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि 28 अक्टूबर की देर रात 1:06 बजे से शुरू होकर 29 अक्टूबर की रात 10:09 बजे तक रहेगी। इस बार करवा चौथ पर शुक्र और बुध की युति से लक्ष्मी नारायण राजयोग बन रहा है। इसके साथ ही परिधि योग का भी संयोग है, जिसे ज्योतिषीय दृष्टि से शुभ माना जाता है।
इस दिन चंद्रमा वृषभ राशि में रोहिणी नक्षत्र में सुबह 11:11 बजे तक रहेंगे। इसके बाद मृगशिरा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे।
शाम 5:26 से 6:43 बजे तक पूजा का शुभ मुहूर्त
करवा चौथ की पूजा के लिए शाम 5:26 बजे से 6:43 बजे तक का समय शुभ बताया गया है। वहीं, चंद्रोदय का संभावित समय रात 8:06 बजे है। व्रती महिलाएं चंद्रमा के दर्शन और पूजन के बाद व्रत का पारण करेंगी। चंद्रोदय का वास्तविक समय स्थान के अनुसार अलग-अलग हो सकता है।
शुक्र अस्त होने से क्यों बना हुआ था संशय?
काशी और वैदिक पंचांग के अनुसार, शुक्र 13 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक अस्त रहेंगे और इसके बाद 31 अक्टूबर तक शिशुत्व अवस्था में माने जाएंगे। शुक्र 31 अक्टूबर को पूर्ण बल प्राप्त करेंगे। विवाह सहित कई मांगलिक कार्यों में गुरु और शुक्र के उदय का विशेष महत्व होने के कारण कुछ नवविवाहिताओं के मन में यह सवाल था कि क्या शुक्र अस्त होने की स्थिति में वे अपना पहला करवा चौथ रख सकती हैं।
करवा चौथ पर शुक्र अस्त होने का नहीं पड़ेगा नकारात्मक प्रभाव
ज्योतिषाचार्य एसएस नागपाल के मुताबिक, विवाह जैसे मांगलिक कार्यों में गुरु और शुक्र की स्थिति महत्वपूर्ण होती है, लेकिन करवा चौथ का व्रत मुख्य रूप से भगवान गणेश, भगवान शिव, माता पार्वती और चंद्रमा की पूजा से जुड़ा है। इस व्रत में शुक्र ग्रह का प्रत्यक्ष पूजन नहीं किया जाता। ऐसे में शुक्र के अस्त होने को पहले करवा चौथ के व्रत में बाधा नहीं माना जाना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नवविवाहित महिलाएं बिना किसी संशय के श्रद्धा और परंपरा के अनुसार अपना पहला करवा चौथ का व्रत रख सकती हैं।
